मेंहदावल में प्रशासन ने अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया। संवाद
मेंहदावल। नगर पंचायत क्षेत्र में अतिक्रमण के खिलाफ बृहस्पतिवार को प्रशासन का बुलडोजर चला। इस संबंध में अमर उजाला ने प्रमुखता से खबर प्रकाशित की थी। इसका प्रशासन ने संज्ञान लिया। एसडीएम के नेतृत्व में नगर क्षेत्र में अतिक्रमण हटवाया गया।
नगर पंचायत प्रशासन का कहना है कि अतिक्रमण के विरुद्ध पूरे नगर में दो दिन अभियान चलाया जाएगा जो लोग भी सड़क पर अतिक्रमण कर सड़क जाम की स्थिति उत्पन्न कर रहे हैं, उनके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। एसडीएम अरुण कुमार अधिशासी अधिकारी पंकज कुमार पुलिस क्षेत्र अधिकारी सर्वदमन सिंह थाना अध्यक्ष सुरेंद्र कुमार सिंह के नेतृत्व में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चौराहे से अंजाहिया बाजार तक अतिक्रमण के विरुद्ध जेसीबी मशीन चलाई गई। दुकान के अतिरिक्त जो लोग सड़कों पर अतिक्रमण कर रहे थे उनके विरुद्ध कार्रवाई करते हुए बुलडोजर से छाजन को धराशायी किया गया।
प्रशासन द्वारा जिस समय कार्रवाई की जा रही थी उसे समय सड़क जाम की स्थिति भी उत्पन्न हो गई, जिसे पुलिस प्रशासन ने तत्परता के साथ निस्तारित कराया। अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत का कहना है कि नगर क्षेत्र में दो दिन तक अतिक्रमण के विरुद्ध अभियान चलेगा। आवश्यकता पड़ने पर नगर की प्रत्येक सड़कों को अतिक्रमण से मुक्त कराया जाएगा। तहसील व नगर पंचायत प्रशासन इसके लिए कटिबद्ध है। नगर को सड़क जाम की समस्या से मुक्ति दिलाना सर्वोच्च प्राथमिकता में शामिल है।