बुआ-भतीजे की सरकारों ने प्रदेश की जनता को माफिया राज दिया : अमित शाह
मेंहदावल नगर पंचायत के अंछिया में आयोजित जनसभा में बसपा और सपा पर बोला हमला
अमर उजाला ब्यूरो
मेंहदावल/संतकबीरनगर। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने बसपा और सपा पर कटाक्ष करते हुए कहा कि बुआ और भतीजे की सरकारों ने प्रदेश की जनता को सिर्फ माफिया राज दिया। पांचवें चरण के चुनाव में सपा, बसपा व कांग्रेस का सफाया मतदाताओं ने कर दिया। छठवें व सातवें चरण में भाजपा को प्रदेश की जनता तीन सौ के पार पहुंचाएगी। योगी की सरकार में दूध, चीनी, अदरक और आंवला आदि के उत्पादन में प्रदेश नंबर एक बना। वह सोमवार को मेंहदावल नगर पंचायत के अंछिया में भाजपा और निषाद पार्टी गठबंधन प्रत्याशी अनिल त्रिपाठी के पक्ष में आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में 2014 के लोकसभा चुनाव में प्रदेश का जनादेश मोदी के पक्ष में गया था। 2017 के विधानसभा चुनाव में प्रदेश की जनता ने अपना जनादेश डबल इंजन की सरकार को दिया था। योगी सरकार ने माफिया को जेल मे डालने का कार्य किया। उन्होंने मतदाताओं को आगाह करते हुए कहा कि यदि आप से कोई भूल हुई तो अतीक अहमद, मुख्तार अंसारी व आजम खान जैसे अपराधी जेल से बाहर होंगे। योगी सरकार ने अपराधियों के कब्जे से दो हजार करोड़ की जमीन मुक्त कराया। आज उन जमीनों पर गरीबों, निराश्रितों के लिए आवास बनाए गए हैं। सपा-बसपा सरकार में प्रदेश विकास में नौंवे पायदान पर खड़ा था, लेकिन योगी सरकार के पांच वर्ष के कार्यकाल में उत्तर प्रदेश अदरक, दूध, गन्ना, चीनी, आंवला और हरा मटर जैसे उत्पादन में नंबर एक पहुंच गया। जबकि विकास में नौंवे स्थान की जगह उत्तर प्रदेश दूसरे स्थान पर है। उन्होंने केंद्र व प्रदेश सरकार की योजनाओं पर भी प्रकाश डालते हुए कहा कि 37 हजार करोड़ रुपये किसानों के सम्मान निधि में खाते में भेजा गया। एक करोड़ 41 लाख परिवारों को मुफ्त विद्युत कनेक्शन दिया गया। पहले रमजान व मोहर्रम पर 24 घंटे बिजली मिलती थी, लेकिन योगी सरकार में लोगों को हर त्योहार पर 20 से 24 घंटे बिजली दी जा रही है। सपा व बसपा ने विद्युत आपूर्ति को भी धर्म पर तय कर दिया था, लेकिन मोदी-योगी सरकार ने सबका साथ सबका विकास के सपने को साकार किया। इस दौरान भाजपा-निषाद पार्टी गठबंधन प्रत्याशी अनिल कुमार त्रिपाठी, सांसद प्रवीण निषाद, जिलाध्यक्ष जगदंबा लाल श्रीवास्तव, पूर्व सांसद इंद्रजीत मिश्रा, अष्टभुजा शुक्ला, दुर्गा राय, मोतीलाल जायसवाल, अजीत सिंह, धनंजय सिंह, दारा सिंह, ब्लॉक प्रमुख अरविंद जायसवाल, भूपेंद्र सिंह, बबलू सिंह, बसंत तिवारी, संजीव राय, राजेश सिंह, दिवाकर सिंह और आशीष सिंह आदि मौजूद थे।
ढोल-नगारे पर थिरकते रहे सभा में व्यापारी
मेंहदावल नगर पंचायत के उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल दल के नेतृत्व में व्यापारी समाज प्रतिष्ठान बंद कर केंद्रीय गृहमंत्री की जनसभा में ढोल नगारे के साथ पहुंचे। जिसे देखने के लिए लोगों की जहां भीड़ सड़कों पर नजर आई, वहीं व्यापार मंडल के इस अनोखे प्रदर्शन की कार्यक्रम में लोगों के बीच चर्चा भी रही। इस दौरान अलिखेश देववंशी, सुधीर जायसवाल, गणेश वर्मा, उमेश कांदू, लल्ला जायसवाल, सुनील जायसवाल, सत्यवीर सिंह, धीरजपाल, दाउ वर्मा, पिंटू वर्मा, गणेश वर्मा, सुरेश अग्रहरि, ओम प्रकाश अग्रहरि, राजू अग्रहरि, अशोक अग्रहरि, बृजलाल अग्रहरि, अनुराग अग्रहरि, मनोज अग्रहरि आदि मौजूद थे।
जनसभा के कारण जाम रहा बीएमसीटी मार्ग
केंद्रीय गृहमंत्री की जनसभा को लेकर उमड़ी भीड़ के कारण सड़कों पर जाम लग गया। लोगों को जाम की समस्या झेलनी पड़ी। पुलिस कर्मी जाम को खुलवाने के लिए मशक्कत करते नजर आए, फिलहाल जाम जनसभा के काफी देर बाद खुल पाया।