राजकीय सम्मान के साथ हुई बीएसएफ जवान की अंतिम विदाई
धनघटा। बस्ती जिले के चित्राखोर गांव निवासी बीएसएफ जवान की अंत्येष्टि रविवार को सरयू के बिडहर घाट पर राजकीय सम्मान के साथ की गई। बाप की चिता को बड़े बेटे ने मुखाग्नि दी। इस दौरान भारत माता के जयकारे सरयू तट गूंजा।
लालगंज थाना क्षेत्र के चित्राखोर गांव निवासी राम भुवाल चौहान के पुत्र कैलाश चौहान बीएसएफ में नायब हवलदार पद पर असम में तैनात थे। नायब हवलदार कैलाश चौहान के मित्र हवलदार सुरेश कुमार ने बताया कि एक अप्रैल कि सुबह कैलाश चौहान के सीने में दर्द उठा तो उन्हें नजदीकी अस्पताल पर ले जाया गया। वहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
बीएसएफ जवान का पार्थिव शरीर लेकर साथी उनके गांव पहुंचे तो परिवार में कोहराम मच गया। रविवार की सुबह बीएसएफ जवानों के साथ एसडीएम बस्ती सदर और सीओ अंतिम विदाई देने के लिए गांव के लोगों के साथ सरयू नदी के बिडहर घाट पर पहुंचे। वहां चिता पर पुष्पांजलि अर्पित की। कैलाश के बड़े पुत्र विवेक कुमार ने मुखाग्नि दी। इस दौरान भारत माता की जय के नारे गूंजे।