- मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के तहत 280 आश्रित परिवारों में 13.35 करोड़ सहायता राशि वितरित
- आंबेडकर नगर के शिव बाबा धाम स्थल पर सीएम के कार्यक्रम का हुआ सजीव प्रसारण
संतकबीरनगर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को आंबेडकर नगर के शिव बाबा धाम स्थल पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना अंतर्गत प्रदेश के आपदा प्रभावित 11690 आश्रित परिवारों को 561.86 करोड़ रुपये की सहायता राशि का वितरण किया। इसका सजीव प्रसारण किया गया। इस योजना में जिले के 280 आश्रितों में 13.35 करोड़ रुपये की सहायता राशि वितरित की गई। कलक्ट्रेट सभागार में विधायक मेंहदावल अनिल कुमार त्रिपाठी, विधायक धनघटा गणेश चंद्र चौहान, एडीएम जयप्रकाश, एडीएम न्यायिक चंद्रेश कुमार सिंह, विधान परिषद सदस्य प्रतिनिधि मंटू राय, विधान परिषद सदस्य प्रतिनिधि अरुण गुप्ता, विधान परिषद सदस्य प्रतिनिधि इंजीनियर सुधांशु सिंह सहित कृषक परिवारों ने मुख्यमंत्री के कार्यक्रम एवं संबोधन का लाइव प्रसारण देखा और सुना।
विधायक मेंहदावल अनिल कुमार त्रिपाठी ने कहा कि किसानों पर किसी भी संकट की घड़ी में सदैव तत्पर रहने वाले मुख्यमंत्री की कार्यशैली और सोच सराहनीय है। मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के अंतर्गत किसी भी आपदा की स्थिति में किसान की मृत्यु हो जाने पर पांच लाख रुपये की सहायता धनराशि दी जाती है, इसमें दुर्घटना के बाद 45 दिन के अंदर आवेदन करने का समय होता है।
विधायक धनघटा गणेश चंद्र चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में पूरे देश में डबल इंजन की सरकार किसानों की चिंता करते हुए यह सराहनीय कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि किसानों ने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री पर जो भरोसा जताया है, उसका परिणाम विभिन्न योजनाओं के माध्यम से किसानों को निरंतर मिल रहे लाभ के रूप में दिख रहा है।