संतकबीरनगर। जिले के सभी सीएचसी पर ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट बनाए जाएंगे। इसके लिए प्रति यूनिट 65 लाख रुपये खर्च होंगे। इसके बनने से मरीजों को सभी प्रकार की जांच की सुविधा होगी, इसके साथ ही गंभीर से गंभीर मरीजों का भी इलाज हो सकेगा। सीएचसी खलीलाबाद में जमीन का चिह्नांकन शुरू हुआ। इसके साथ ही इस यूनिट में मिनी सेंट्रल लैब भी स्थापित की जाएगी।
जिले में सात जगहों पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र संचालित होते हैं। जिसमे खलीलाबाद, मेंहदावल, मलौली, सांथा, सेमरियावां, बेलहर, नाथनगर शामिल हैं। इन सीएचसी के परिसर में अगर जमीन उपलब्ध हो जाएगी तो यूनिट का निर्माण शुरू हो जाएगा। इसके लिए धन भी स्वीकृत है। इन केंद्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए पब्लिक हेल्थ यूनिटों में हेल्थ लैब का निर्माण होगा। इसमें जांच, इलाज, टीकाकरण के साथ नियमित चलने वाले स्वास्थ्य कार्यक्रम होंगे। कंप्यूटर कक्ष के साथ ही दो हाल बनवाए जाएंगे। बीमारियों के नियंत्रण व रोकथाम के उपाय भी उपलब्ध होंगे। सीएचसी स्तर पर ब्लड की कई जरूरी जांचें नहीं हो पा रही हैं। यूनिटें स्थापित होने के बाद यह जांचे भी शुरू हो जाएंगी। इसके लिए मरीजों को निजी पैथालॉजी व जिला मुख्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट के भवनों के निर्माण की प्रक्रिया शुरू होने के बाद साथ ही फर्नीचर आदि की खरीदारी की जाएगी। हर एक यूनिट पर 65 लाख रुपये खर्च होने का अनुमान है। सीएमओ डॉ़ रामानुज कन्नौजिया ने बताया कि ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट का निर्माण होना है। जिसके लिए जमीन का चिन्हित कराई जा रही है। जल्द ही इस दिशा में कदम उठाए जाएंगे।