मेंहदावल तहसील मुख्यालय पर बुधवार को बेलहर विकास खंड के भीखाडाड़ ग्राम पंचायत के ग्रामीणों ने कोटेदार के खिलाफ प्रदर्शन किया। आरोप था कि कोटेदार वितरण में मनमानी करता है। पात्रों को योजनाओं का लाभ नही मिल पा रहा है। गांव वालों ने उपजिलाधिकारी रामजीवन को ज्ञापन सौंपकर नए कोटे की दुकान का आवंटन किए जाने की मांग उठाई ।
बेलहर विकास खंड के ग्रामपंचायत भीखाडाड़ में कोटेदार द्वारा ग्रामीणों को राशन कार्ड के बावजूद अनाज वितरण न करने से नाराजगी चरम पर है । बुधवार को गांव के मोती, सर्वजीत, रामकरन के नेतृत्व में दो दर्जन ग्रामीण तहसील मुख्यालय स्थिति उपजिलाधिकारी कार्यालय पर प्रदर्शन करते हुए कहा कि भीखाडाड़ के कोटेदार द्वारा बीपीएल कार्ड धारकों को राशन कार्ड होने के बावजूद अनाज नही दिया जा रहा है । कार्ड धारकों से कोटेदार बदसलूकी करते है । गांव के तमाम गरीब पात्र होने के बाद भी अंत्योदय कार्डधारक नही हो पाए है । पूर्व में भी कोटेदार की मनमानी व खाद्यान्न वितरण न करने की शिकायत उपजिलाधिकारी कार्यालय एवं आपूर्ति विभाग को दी गई थी, पर विभागीय उदासीनता एवं मिलीभगत के कारण गरीबों के हक पर कोटेदार लगातार डाका डाल रहा है । ग्रामीणों ने प्रदर्शन करते हुए उपजिलाधिकारी को कोटेदार के विरूद्ध ज्ञापन सौपते हुए जांच कराते हुए नये कोटे की मांग की है । इस दौरान बेचन, सुखराम, इन्द्रदेव, विनय,रामप्रकाश, मीना देवी, आरती, इन्द्रमती, कन्हैया, सुनील, अजय, कांती, चंन्द्रावती, रीना, राहुल, रामनाथ आदि मौजूद रहे ।