भगवान कृष्ण के जन्मोत्सव पर श्रद्धालुओं ने की पुष्प वर्षा
पटखौली स्थित शिव मंदिर परिसर में श्रीमद्भागवत कथा का पांचवां दिन
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। खलीलाबाद के पटखौली स्थित शिव मंदिर पर चल रही श्रीमद्भागवत कथा के पांचवें दिन श्री कृष्ण जन्मोत्सव की कथा हुई। इस दौरान भगवान श्री कृष्ण के जन्मोत्सव पर लोगों ने फूलों की वर्षा की।
वृंदावन से आए कथा व्यास आचार्य अजय कृष्ण शास्त्री ने कहा कि जीव यदि पूरी निष्ठा से प्रभु की भक्ति करता है तो उस पर कृपा करने के लिए भगवान स्वयं वामन के रूप में आते हैं। उन्होंने कहा कि परमात्मा जब द्वार पर आते हैं तो तीन कदम पृथ्वी अर्थात तन, मन एवं धन जीव से मांगते हैं। तन से सेवा, मन से सुमिरन व धन से सेवा जो बलि की भांति करता है। भगवान उसके द्वारपाल बनते हैं और वही अक्षुण्ण साम्राज्य को प्राप्त करता है। कंस के अत्याचार और पाप के कारण भगवान ने अवतार लिया। मनुष्य को उसका पाप मारता है। इस अवसर पर आयोजन छवि लाल मौर्य, सेतू मौर्य, फूलदेव, चंद्रदेव, विनीता, मीना, रीता, अपर्णा, ऊषा, बबली, भानू उपाध्याय समेत अन्य मौजूद रहे।