बखिरा। कस्बे में बिजली की अघोषित कटौती थमने का नाम नहीं ले रही है। सुबह सात बजे बिजली कटने के बाद शाम छह बजे के बाद ही आपूर्ति मिल रही है। पूरे दिन बिजली कटौती होने से लोग परेशान है। बिजली के अभाव में दिनचर्या प्रभावित हो रही है। वहीं व्यापार भी ठप हो गया है। कस्बेवासियों ने नगर पंचायत में 18 घंटे बिजली आपूर्ति की मांग की है।
बिजली निगम ने बखिरा कस्बे में बिजली की अघोषित कटौती शुरू कर दी है। 15 नवंबर तक बिजली निगम द्वारा निर्बाध आपूर्ति की गई, लेकिन उसके बाद से ही बिजली की कटौती शुरू हो गई। इन दिनों स्थिति यह है कि सुबह सात बजे बिजली कटने के बाद शाम को छह बजे के बाद ही आपूर्ति होती है। कस्बे में बिजली आपूर्ति का समय निर्धारित नहीं होने से लोगों की दिनचर्या भी प्रभावित हो रही है।
रामकुमार, रामकिशोर, संतलाल, शिवकुमार, विशाल, महेश कुमार, दयाशंकर ने बताया कि दीपावली तक निर्बाध बिजली मिली, लेकिन उसके बाद से ही बिजली की अघोषित कटौती शुरू हो गई। लोगो की शिकायत है कि यदि इसी तरह से बिजली आपूर्ति की जाएगी तो उनका कारोबार बुरी तरह से प्रभावित हो जाएगा। घरों में बिजली से चलने वाले उपकरण बेमतलब साबित हो रहे हैं। इस संबंध में अवर अभियंता बेचन प्रसाद ने बताया कि निगम द्वारा निर्धारित रोस्टिंग के अनुसार ही बिजली दी जा रही है।