नौ केंद्रों पर होगी बीएड प्रवेश परीक्षा, 4212 परीक्षार्थी होंगे शामिल
- छह जुलाई को होने वाली बीएड प्रवेश परीक्षा को लेकर डीएम ने की बैठक
- एक जोनल व चार मजिस्ट्रेट की तैनाती, दो सचल दल बनाए गए
फोटो है
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। बीएड की प्रवेश परीक्षा जिले में छह जुलाई को होगी। परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने को लेकर डीएम दिव्या मित्तल ने सोमवार केेे अधिकारियों के साथ कलेकट्रेट सभागार में बैठक की। उन्होंने बीएड की प्रवेश परीक्षा को सकुशल, सुचिता पूर्ण, नकलविहीन व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिया।
डीएम दिव्या मित्तल ने कहा कि बीएड की प्रवेश परीक्षा जिले के सात विद्यालयों में बनाए गए नौ केंद्रों पर होगी। इसमें कुल 4212 परीक्षार्थी शामिल होंगे। परीक्षा नकलविहीन, सुचिता पूर्ण और सख्ती के बीच हो और जो भी कमी हो उसे तत्काल पूर्ण करा लिया जाए। उन्होंने कहा कि सभी केंद्र व्यवस्थापक यह सुनिश्चित करेंगे कि बिना पहचान पत्र के कोई भी कक्ष निरीक्षक ड्यूटी पर न रहे। ड्यूटी पर लगाए गए सभी मजिस्ट्रेट मंगलवार को निरीक्षण करके सभी केंद्रों पर तैयारियों को देख लें। परीक्षा केंद्र के बाहर 100 मीटर की परिधि में कोई भी फोटो कॉपी की दुकानें नहीं खुली रहनी चाहिए। एसपी सोनम कुमार ने बीएड प्रवेश परीक्षा के संबंध में सभी केंद्र व्यवस्थापक एवं प्रधानाचार्यों को आश्वस्त किया कि परीक्षा को सकुशल, सुचितापूर्ण, नकलविहिन व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल मौजूद रहेगी। एडीएम मनोज कुमार सिंह ने कहा कि परीक्षा सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में होगी। परीक्षा में प्रत्येक केंद्र का प्रभारी जनपद स्तरीय अधिकारी को बनाया गया है। परीक्षा की निगरानी के लिए दो सचल दल गठित किया है, सभी सचल दल में पांच-पांच सदस्य हैं। परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के लिए एक जोनल और चार सेक्टर मजिस्ट्रेट बनाए गए हैं। डीआईओएस मनमोहन शर्मा ने कहा कि जिले में परीक्षा के लिए सात विद्यालयों में कुल नौ केंद्र बनाए गए हैं। जिसमें एचआर इंटर कॉलेज खलीलाबाद और एचआरपीजी कॉलेज में दो-दो केंद्र बनाए गए हैं। इसके अलावा राजकीय कन्या इंटर कॉलेज खलीलाबाद, मौलाना आजाद इंटर कॉलेज खलीलाबाद, नेहरू कृषक इंटर कॉलेज खलीलाबाद, संतकबीर आचार्य राम बिलास इंटर कॉलेज मगहर, पीबी गर्ल्स इंटर कॉलेज खलीलाबाद को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। उन्होंने बताया कि नौ अधिकारियों की ड्यूटी केंद्र प्रतिनिधि के रूप में लगाई गई है, वहीं नौ अधिकारियों को बतौर स्टैटिक मजिस्ट्रेट लगाया गया है। इस अवसर पर नोडल अधिकारी डॉ. ब्रजेश कुमार त्रिपाठी समेत सभी केंद्र व्यवस्थापक व संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।