आयुष्मान पखवाड़े का हुआ आगाज
24 मार्च तक चलेगा अभियान, निशुल्क बनाए जा रहे गोल्डन कार्ड
बुखार, क्षय रोग, कुपोषण, एईएस, जेई से प्रभावित मरीजों को चिह्नित कर रहीं आशा
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। जिले में बुधवार से दस्तक अभियान और आयुष्मान पखवाड़े की शुरुआत हुई। दस्तक अभियान में आशा कार्यकर्ता जहां घर-घर जाकर लोगों को बुखार और अन्य बीमारियों को लेकर जागरूक कर रही हैं, वहीं, टीबी के मरीजों, जन्म-मृत्यु पंजीकरण आदि के बारे में जानकारी एकत्र कर रही हैं, जबकि आयुष्मान पखवाड़े में चिह्नित लाभार्थियों के परिवार के सदस्यों के निशुल्क गोल्डन कार्ड कैंप लगाकर बनाए जा रहे हैं।
नोडल अधिकारी अपर सीएमओ डॉ. मोहन झा ने बताया कि गोल्डन कार्ड की प्रगति बढ़ाने व आयुष्मान योजना के तहत चिह्नित लाभार्थी परिवार को योजना का बेहतर लाभ दिलाने के लिए 10 मार्च से 24 मार्च तक आयुष्मान भारत पखवाड़ा मनाया जा रहा है। पहले दिन प्रत्येक ब्लॉक में गोल्डन कार्ड बनाने के लिए टीमें लगाई हैं। इस दौरान लाभार्थियों का कार्ड निशुल्क बनाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि दस्तक अभियान में आशा गांव में बुखार, क्षय रोग, कुपोषण, एईएस, जेई से प्रभावित मरीजों को चिह्नित कर रही हैं। संभावित रोगी मिलने पर उसकी सूचना जिले स्तर व सीएचसी स्तर पर अपडेट कराने के निर्देश दिए गए हैं। इस कार्य में आंगनबाड़ी, आशा संगिनी और एएनएम भी सहयोग प्रदान कर रही हैं।