परिवार नियोजन के प्रति जागरुकता जरूरी : सीएमओ
- स्वास्थ्य इकाइयों पर खुशहाल परिवार दिवस और मानसिक स्वास्थ्य जागरुकता कार्यक्रम हुआ
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। जिला अस्पताल समेत सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर खुशहाल परिवार दिवस मनाया गया। सीएचसी खलीलाबाद में सीएमओ डॉ इंद्रविजय विश्वकर्मा ने कार्यक्रम का उदघाटन किया और लोगों को परिवार नियोजन के बारे में जानकारी दी। इसके साथ ही मानसिक स्वास्थ्य जागरुकता कार्यक्रम भी आयोजित हुआ।
सीएमओ डॉ इंद्रविजय विश्वकर्मा ने कहा कि समुदाय स्तर पर परिवार नियोजन के प्रति जागरुकता और स्वीकार्यता बढ़ाने पर सरकार का पूरा जोर दिया जा रहा है। जनपद में यह कार्यक्रम जिला अस्पताल सहित सात सामुदायिक केंद्र और सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर खुशहाल परिवार दिवस का आयोजन किया गया। उन्होंने कहा कि खुशहाल परिवार दिवस को लेकर पहले से ही सीएचसी में आने वाले हर मरीज को उक्त दिवस पर परिवार नियोजन के स्थायी व अस्थायी साधनों के बारे जानकारी दी जाती है ताकि समय से जुड़कर विभिन्न सेवाओं का लाभ उठा सकें। उन्होंने कहा कि एएनएम, आशा कार्यकर्ता सहित अन्य स्वास्थ्य कर्मियों की कोशिश रहती है कि जितने भी मरीज सीएचसी में आते हैं, वह उन्हें इस बात के लिए राजी करें कि वह परिवार नियोजन का कोई न कोई साधन जरूर अपनाएं। उन्होंने बताया कि वह हर व्यक्ति को दो बच्चों के सीमित परिवार के बारे में लगातार जागरूक कर रही हैं। अपर सीएमओ डॉ मोहन झा ने कहा कि अब हर माह की 21 तारीख को खुशहाल दिवस मनाया जाता है, जहां दंपति को परिवार नियोजन के साधन उपलब्ध कराने के साथ उनकी जरूरत पर उनकी काउंसिलिंग की जाती है। मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाने में भी परिवार नियोजन सेवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। सीएचसी अधीक्षक डॉ राधेश्याम यादव ने खुशहाल परिवार की परिभाषा बताते हुए इसके लाभ बताए। उन्होंने दो बच्चों के बीच तीन साल का अंतर रखने पर भी जोर दिया। बताया गया कि बच्चों के बीच तीन साल का अंतर मां और बच्चों दोनों की सेहत के लिए जरूरी है। इस दौरान जिला क्षय रोग अधिकारी डॉक्टर एसडी ओझा, डॉक्टर वीके सोनी, बीसीपीएम महेंद्र त्रिपाठी, बीपीएम अभय त्रिपाठी, मनोज मिश्र, आशा संगिनी सरोज यादव, ललिता देवी, मनोरमा, मुन्नी देवी और मीना देवी समेत अन्य मौजूद थे।