संतकबीरनगर। रिजर्व पुलिस लाइंस सभागार में धनघटा सर्किल के विवेचकों का अर्दली रूम आयोजित किया गया। इसमें अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह ने क्षेत्राधिकारी अभयनाथ मिश्र की मौजूदगी में थाना धनघटा व महुली के थाना प्रभारियों और विवेचकों के कार्यों की समीक्षा की।
अर्दली रूम के दौरान थानों पर लंबे समय से लंबित विवेचनाओं की समीक्षा की गई। अपर पुलिस अधीक्षक ने बिना कारण लंबित प्रकरणों पर नाराजगी जताते हुए सभी विवेचकों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। साथ ही जनशिकायतों की त्वरित जांच, विधिक कार्रवाई और अपराध नियंत्रण के लिए प्रभावी कदम उठाने को कहा गया।
उन्होंने विवेचना कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता न बरतने की चेतावनी देते हुए प्रभारी निरीक्षकों व थानाध्यक्षों को अधीनस्थ विवेचकों के कार्यों की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए। बैठक में आधुनिक तकनीक और डिजिटल माध्यमों के अधिकतम उपयोग पर भी जोर दिया गया। अधिकारियों ने यक्ष एप, ई-समन और एस-आईडी प्रणाली के प्रभावी प्रयोग से कार्यों को पारदर्शी और त्वरित रूप से संपादित करने के निर्देश दिए।