संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। महुली थाना क्षेत्र के काली जगदीशपुर में शराब की दुकान बंद होने के बाद शराब मांगने को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि शराब न मिलने पर कुछ लोगों ने दुकान के मुनीम को गालियां देते हुए मारपीट की।
जान बचाकर दुकान के अंदर भागने पर आरोपियों ने वहां भी उसकीपिटाई की और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद घर जाते समय रास्ते में रोककर दोबारा मारपीट की गई।
पुलिस तहरीर मिलने पर मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई में जुट गई है। काली जगदीशपुर निवासी श्यामदेव चौधरी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 10 अक्तूबर की रात करीब 10:00 बजे उनकी शराब की दुकान बंद हो रही थी।
उस समय दुकान पर मुनीम राकेश राय थे। आरोप है कि दो-तीन गाड़ियों से आदित्य पाल सूर्यवंशी निवासी हलुआपार, थाना लालगंज, बस्ती, श्रवण कुमार बेलदार निवासी नटवाबर, थाना धनघटा और दिनेश चंद्र चौधरी निवासी काली जगदीशपुर समेत कुछ अन्य लोग पहुंचे।
उन्होंने शराब मांगी, दुकान बंद होने के कारण शराब देने से मना करने पर आरोपी नाराज हो गए और गालियां देते हुए मुनीम को पीटने लगे। मुनीम जान बचाने के लिए दुकान के अंदर भागा तो आरोपियों ने दुकान में घुसकर उसकी पिटाई की। साथ ही धमकी दी कि इस बार तो बच गए, अगली बार जान से मार देंगे।
आरोप है कि मुनीम दुकान में ताला लगाकर घर जा रहा था, तभी रास्ते में दोबारा रोककर उसके साथ मारपीट की गई। एसओ दुर्गेश कुमार पांडेय ने बताया कि मामले में तहरीर के आधार पर उक्त आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले में जांच व आवश्यक विधिक कार्रवाई कर रही है।क