लोहरैया से बनकटा घाट तक जाने वाली सड़क बनेगी-संवाद
- फोटो : 1
धनघटा। लोहरैया से राम जानकी मार्ग से कटकर कुआनो नदी के बनकटा घाट तक जाने वाली सड़क के दिन बहुरने वाले हैं। सड़क की मरम्मत के लिए शासन ने स्वीकृति दी है। साथ ही 78 लाख 22 हजार रुपये भी अवमुक्त कर दिया है। जल्द ही सड़क का निर्माण कार्य शुरू हो जाने की उम्मीद है।
राम जानकी मार्ग से कटकर आंबेडकर गांव बंतवार होते बनकटा घाट तक जाने वाली सड़क जर्जर हो चुकी है। इससे राहगिरों को मुसीबत हो रही है। इस मार्ग से होकर कुरी बाजार, बेलघाट, शंकरपुर, धनघटा, हैंसर बाजार आदि स्थानों पर लोगों का आना-जाना लगा रहता है। गड्ढे में तब्दील हो चुके इस मार्ग की मरम्मत के लिए पिछले साल स्थानीय लोगों ने लोहरैया में प्रदर्शन व चक्का जाम किया था। उस समय सड़क की मरम्मत तो नहीं हुई, उल्टे बड़ी संख्या में किसानों पर मुकदमा दर्ज हो गया था।
राहगीर बालमुकुंद, घनश्याम, तिलकधारी, पलटन, रामायन, भालचंद्र आदि का कहना है कि कुआनो नदी के बनकटा घाट पर पुल का निर्माण तो हो गया लेकिन, उस पुल को गोरखपुर और संतकबीरनगर जिले को जोड़ने वाली इस सड़क का निर्माण नहीं हुआ। इससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्रीय विधायक गणेश चंद चौहान का कहना है कि राम जानकी मार्ग से कटकर बनकटा घाट तक जाने वाली सड़क की मरम्मत के लिए शासन ने 78 लाख 22 हजार रुपये स्वीकृत कर दिया है। जल्द ही इस सड़क का निर्माण हो कार्य शुरू हो जाएगा और नए साल में इस सड़क के रास्ते होकर लोग आएंगे जाएंगे।