स्वास्थ्य विभाग ने 30 हजार वैक्सीन की डिमांड भेजी
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। जिले में कोरोना की वैक्सीन समाप्त हो गई है। टीकाकरण के लिए अस्पताल में आने वाले लोग वैक्सीन न होने के चलते लौट जा रहे हैं। विभाग ने 30 हजार वैक्सीन की डिमांड शासन से की है।
चीन में कोरोना के प्रकोप को देखते हुए कोरोनारोधी टीकाकरण कराने के निर्देश शासन स्तर से हुआ है। स्वास्थ्य विभाग ने शासन से 90 हजार कोरोना टीकाकरण के वायल की डिमांड की थी। इसके सापेक्ष 9700 डोज ही जिले को मिला था। 21 जनवरी से जिला अस्पताल के एमसीएच विंग, सीएचसी खलीलाबाद, सीएचसी मेंहदावल, सीएचसी सांथा, सीएचसी बेेलहर, सीएचसी सेमरियावां, सीएचसी हैंसर और सीएचसी नाथनगर में टीकाकरण का कार्य शुरू हुआ था।
दो दिन पहले कोरोना की वैक्सीन समाप्त हो गई। सीएचसी खलीलाबाद में टीकाकरण के लिए आए जैनेंद्र सिंह, शांतनु, गणेश आदि का कहना है कि वह लोग कोरोना की कोविशील्ड वैक्सीन लगवाने आए थे, पर यहां पर वैक्सीन समाप्त हो गई है। कब तक वैक्सीन आएगी, यह कोई बताने वाला नहीं है। जिला अस्पताल व अन्य सीएचसी में भी ्टीकाकरण का कार्य ठप हो गया है।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. एस रहमान ने बताया कि जनवरी में कोरोना टीकाकरण के लिए 9700 वैक्सीन मिली थी, जो अब जाकर समाप्त हो चुकी है। 30 हजार वैैक्सीन की डिमांड की गई है। वैक्सीन आते ही फिर से टीकाकरण का कार्य शुरू हो जाएगा।