नाली को लेकर अमरडोभा में प्रदर्शन करते लोग-संवाद
तिघरा। नगर पंचायत बखिरा के अमरडोभा के लोग तीस साल बाद भी घरों के गंदे पानी की निकासी के लिए परेशान हैं। नगर पंचायत बनने के चार साल बाद भी लोगों की नाली की समस्या का निदान नहीं किया जा सका है। इससे नाराज लोगों ने बृहस्पतिवार को प्रदर्शन किया।
अशफाक, मो सइद, जलालुद्दिन, मो सुहेल, अब्दुल करीम, अबु सहमा, अली हुसैन ने बताया कि दक्षिण मोहल्ले में उनके घरों के गंदे पानी की निकासी की समस्या 30 साल से बनी हुई है। कई ग्राम प्रधानों ने अपना कार्य काल पूरा किया, किंतु किसी ने उनकी इस समस्या का निदान नहीं किया। मजबूरन घर के सामने गड्ढे में ड्रम रखकर गंदा पानी एकत्रित किया जाता है। इससे वह लोग दुर्गंध से परेशान रहते हैं।
चार साल पहले नगर पंचायत गठन के बाद भी उनकी समस्या जस की तस है। नगर पंचायत लाखों रुपये के अन्य कार्य करा रही है, लेकिन उनके मोहल्ले में नाली निर्माण का कार्य नहीं कराया जा रहा है। हालांकि, दशकों पुरानी इस गंभीर समस्या के निदान के लिए उन लोगों ने चेयरमैन व अधिशासी अधिकारी को कई बार प्रार्थनापत्र दिया है, फिर भी उनकी समस्या जस की तस बनी हुई है। लोगों ने कहा यदि उनकी समस्या का निदान शीघ्र नहीं किया गया तो वे धरना देने के लिए मजबूर होंगे। इस संबंध में अधिशासी अधिकारी आदित्य प्रकाश ने मौके का मुआयना कराने की बात कही।