धनघटा। धनघटा थाना क्षेत्र के नन्हियाजोत गांव में पांंच दिन पहले युवक पर जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने आरोपियों पर हत्या की कोशिश की प्राथमिकी दर्ज की है। पीड़ित प्रदीप कुमार द्विवेदी का मेडिकल कॉलेज गोरखपुर में इलाज चल रहा है।
धनघटा थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत नन्हियाजोत गांव निवासी प्रदीप कुमार द्विवेदी पुत्र ठाकुर प्रसाद ने धनघटा थाने में दी तहरीर में बताया है कि 2 दिसंबर की शाम लगभग 5:30 बजे वह खेत से पंपिंग सेट लेकर घर लौट रहे थे। उनकी व्यक्तिगत गली में तीन युवक खरचा निवासी अंकित पांडेय व चंद्र प्रकाश पांडेय तथा हरेवा गांव के छोटू दूबे संदिग्ध स्थिति में घूमते हुए गली में झांक रहे थे। एतराज करने पर आरोपियों ने भद्दी-भद्दी गालियां देते हुए डंडा और लोहे की राॅड से हमला कर दिया। आरोप है कि तीनों आरोपी उनके घर में घुस गए और ताबड़तोड़ वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
गंभीर हालत में उन्हें तत्काल सीएचसी हैसर बाजार पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार करने के बाद डाक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहां पर भी हालत नाजुक देख डाक्टरों ने उन्हें मेडिकल कालेज गोरखपुर तत्काल रेफर कर दिया। पीड़ित की तहरीर पर धनघटा पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रभारी निरीक्षक धनघटा जयप्रकाश दूबे ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। शीघ्र ही आरोपियों को गिरफ्त में लेते हुए उनके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी।