ईंधन की तस्करी और कालाबाजारी हरगिज बर्दाश्त नहीं, पकड़े गए तो जेल जाना तय : एसडीएम
नौतनवा। एसडीएम नवीन प्रसाद, सीओ बसंत सिंह, तहसीलदार कर्ण सिंह एवं थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह ने बृहस्पतिवार को क्षेत्र स्थित पंपों का जायजा लिया। आरोप है कि लाइन में लगे कुछ लोगों का अधिकारियों ने गैलन फेंक दिया। इससे पेट्रोल पंप पर अफरा-तफरी मच गई।
बृहस्पतिवार को करीब 10 अधिकारी नौतनवा के पैसिया में स्थित नायरा पेट्रोल पंप पर पहुंचे। अधिकारियों ने अपनी निगरानी में डीजल और पेट्रोल का वितरण कराया। क्षेत्र के कई पंपों पर नेपाल मूल के निवासी एवं गैर जरूरतमंदों को लाइन में देख प्रशासन ने सख्ती दिखाते हुए उन्हें हटा दिया। आरोप है कि कुछ लोगों ने प्रशासन से उलझने की कोशिश की। इसके बाद अधिकारियों के निर्देश पर उनके गैलन को उठाकर फेंक दिया। अधिकारियों के कड़े तेवर को देख पंपों पर मौजूद भीड़ तितर-बितर हो गई। प्रत्यक्षदर्शी नागेंद्र शुक्ला ने बताया कि किसानों का गैलन फेंक दिया गया। यह ठीक नहीं है।
एसडीएम नवीन प्रसाद ने कहा कि गैलन फेंकने का आरोप गलत है। डीजल और पेट्रोल की तस्करी और कालाबाजारी हरगिज बर्दाश्त नहीं है। पंपों पर लगातार प्रशासन की नजर बनी हुई है। यदि कोई भी मनमानी करता हुआ पाया गया तो उसे सीधे जेल भेजने की कार्रवाई की जाएगी।