डीएम को ज्ञापन देते पीड़ित और भाकियू के कार्यकर्ता।
संतकबीरनगर। शहर के एक निजी अस्पताल पर महिला के इलाज में लापरवाही से मौत होने का आरोप लगा है। मामले में भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ताओं ने बृहस्पतिवार को डीएम को ज्ञापन देकर कार्रवाई की मांग की है।
भारतीय किसान यूनियन भानू के राष्ट्रीय महासचिव रणजीत सिंह ने कहाकि शहर के निजी अस्पताल आठ फरवरी को इसरावती देवी पत्नी रविन्द्र सिंह निवासी निवासी रसूलपुर को दाखिल किया गया। जिसमें डाक्टर ने बताया कि बीपी, इन्फेक्शन और गैस की समस्या है और 58 हजार रुपये दवा और जांच के नाम पर ले लिया गया। जबकि उनको किसी परिजन से मुलाकात नहीं कराया गया।
रात में एम्बुलेंस बुलाकर डिस्चार्ज कर दिया गया और कहा गया कि गोरखपुर के एक निजी अस्पताल ले जाइए और डॉक्टर से बात हो गई है। जब वहां लेकर पहुंचे तो वहां के अस्पताल ने मना कर दिया। इसके बाद दूसरे अस्पताल में भर्ती कराया जहां पर डाॅक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
खलीलाबाद से गोरखपुर जाने के लिए निजी अस्पताल ने एम्बुलेंस के नाम पर 11 हजार रुपये ऑनलाइन भुगतान करवाया। आए दिन इस अस्पताल में इस तरह की घटना होती है। ऐसे में इस अस्पताल का लाइसेंस रद्द करते हुए केस दर्ज कराया जाए। अन्यथा भाकियू भानू के कार्यकर्ता वृहद आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।