युवक को मारपीट कर 3200 रुपये छीनने का आरोप
धनघटा। दो दिन पूर्व महुली क्षेत्र के भिटकिनी गांव के पास कुछ लोगों ने एक युवक को रोक कर मारा पीटा और 3200 रुपये छीन लिए। उसकी बाइक भी क्षतिग्रस्त कर दी। पीड़ित युवक ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
चंदापार गांव निवासी अनिल कुमार का कहना है कि बृहस्पतिवार की शाम वह चोलखरी गांव में ब्रह्मभोज कार्यक्रम में गए थे। लौटते समय रास्ते में भिटकिनी गांव के पास तीन युवकों ने उसे रोक लिया। आरोप है कि उसी दौरान एक युवक ने असलहा तान दिया और उसका पर्स छीन कर उसमें रखे 3200 रुपये छीन लिया। एतराज करने पर उसकी बाइक को धक्का देकर क्षतिग्रस्त कर दिया। युवकों ने उसके साथ मारपीट की। शोर मचाने पर जानमाल की धमकी देते हुए भाग गए। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। एसओ केडी सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। संवाद