संतकबीरनगर। कोतवाली खलीलाबाद क्षेत्र के मगहर नगर पंचायत में आठ माह की गर्भवती महिला ने अपने देवर, देवरानी और ससुर पर घर में घुसकर मारपीट करने, गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मोहल्ला मोहनलालपुर वार्ड नंबर-11, नगर पंचायत मगहर निवासी रुक्सार खातून ने पुलिस को दी तहरीर में जानकारी दी कि वह अपने छोटे बच्चे के साथ घर पर रहती है और आठ माह की गर्भवती है। उसके पति शहाबुद्दीन घर से बाहर रहते हैं। आरोप है कि सास-ससुर और परिवार के अन्य सदस्य उसे घर में नहीं रखना चाहते और अक्सर गाली-गलौज कर घर से निकालने का प्रयास करते हैं।
पीड़िता के अनुसार 20 जुलाई को सुबह करीब 11:30 बजे घर से निकालने को लेकर विवाद हुआ। इस दौरान देवर शमसुद्दीन, उसकी पत्नी शबनम निशा और ससुर अलीमुद्दीन एकजुट होकर घर में घुस आए और उसकी पिटाई कर दी। शोर सुनकर आसपास के लोग पहुंच गए, जिसके बाद आरोपी फरार हो गए।
प्रभारी निरीक्षक जय प्रकाश दूबे ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गइ्र है। मामले की जांच की जा रही है।