मगहर में उर्वरक की दुकान की जांच करते कृषि अधिकारी-स्रोत कृषि विभाग
संतकबीरनगर। कृषि विभाग ने सोमवार को मगहर और खलीलाबाद में पेस्टीसाइड की छह दुकानों पर छापा मारा। इस दौरान खाद, बीज और कीटनाशक के सात नमूने लिए गए। जिन्हें जांच के प्रयोगशाला भेजा गया।
जिला कृषि अधिकारी डॉ. सर्वेश यादव ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर जनपद के मगहर, खलीलाबाद स्थित पेस्टीसाइड दवा की छ दुकानों पर छापा मारा गया। इसमें सत्यम बीज भंडार मगहर से प्रोफेनोफास, साइपरमेथ्रिन का एक नमूना, पूर्वांचल बीज भंडार मगहर से क्लोरोपायरिफॉस, साइपरमेथ्रिन का एक नमूना एवं ग्लाइफोसेट अमोनियम साल्ट का एक नमूना, मौर्य बीज भंडार से कार्बेंडाजिम, मैनकोजेब, फैजाबाद कृषि सेवा केंद्र खलीलाबाद से जिंक फॉस्फाइड का एक एवं साइपरमेथ्रिन का एक नमूना, आधुनिक बीज भंडार, खलीलाबाद से एक नमूना साइपरमेथ्रिन पेस्टीसाइड का लिया गया।
उन्होंने बताया कि संग्रहित किए गए सभी कीटनाशक नमूनों को गुणवत्ता परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा। अमानक रिपोर्ट आने पर कीटनाशी अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी। संवाद