धनघटा। एसडीएम धनघटा पर मनमानी करने का आरोप लगाते हुए अधिवक्ता चौथे दिन शुक्रवार को न्यायिक कार्यों से विरत रहे। अधिवक्ताओं का कहना है कि एसडीएम मनमानी करते हुए नियम कानून का उल्लंघन करते हैं।
तहसील बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष लाल शरण सिंह का कहना है कि एसडीएम नियम कानून को दरकिनार करते हुए मनमानी तरीके से कार्य करते हैं। शांति भंग की आशंका पर चालान किए गए लोगों को 14 दिन के लिए जेल भेज रहे हैं। जबकि वह लोग इसके पात्र नहीं है। इसी तरह अन्य मामलों में भी मनमानी करते हैं।
उन्होंने कहा कि 25 अक्तूबर तक एसडीएम अपने कार्य पद्धति में सुधार नहीं लाए तो अधिवक्ता 25 अक्तूबर को बैठक कर वृहद आंदोलन की रणनीति बनाएंगे। दूसरी तरफ एसडीएम डॉ. सुनील कुमार ने अपने ऊपर लगाए जा रहे आरोपों को बेबुनिया बताया है।