संतकबीरनगर। डीएम आलोक कुमार ने सोमवार को जिला पोषण समिति की बैठक में समय सीमा के भीतर पोषण ट्रैकर पर लाभार्थियों की ई- केवाईसी और फेस कैप्चर शत-प्रतिशत पूर्ण कराने का निर्देश दिया।
डीएम ने सभी बाल विकास परियोजना अधिकारियों से कहा कि पोषण ट्रैकर ऐप में फीडिंग में राज्य औसत से कम रहने पर संबंधित के विरूद्ध कार्रवाई की जाएगी। जिला कार्यक्रम अधिकारी ने बताया कि कुछ लाभार्थियों के मोबाइल से ओटीपी नहीं आ रहा है, इस पर डीएम ने निर्देशित किया कि आंगनबाडी कार्यकत्रियों अपने लाभार्थियों को पहले ही आधार से लिंक मोबाइल नंबर पर ओटीपी की जरूरत के बारे में बता दें, पंजीकरण पूरा कराने के लिए ओटीपी देना जरूरी है। उन्होंने लाभार्थियों को बताया कि एक जुलाई तक जिन लाभार्थियों का आंगनबाडी केंद्र के पोषण ट्रैकर ऐप पर ई-केवाईसी और फेस कैप्चर की प्रक्रिया पूर्ण हो गई है, उन्हीं को ही अनुपूरक पोषाहार सहित अन्य विभागीय लाभ मिलेगा।
जिला कार्यक्रम अधिकारी ने अवगत कराया कि जनपद में यह अभियान सितंबर तक चलाया जाएगा, इसमें सभी आंगनबाडी केंद्रों पर कुपोषणग्रस्त बच्चों का चिन्हांकन कर उन्हे आंगनबाडी कार्यकत्री, स्वास्थ्य विभाग के आशा, एएनएम, सीएचओ सहित अन्य के सहयोग से कुपोषण के संबंध में जागरूकता कार्यक्रम चलाए जाएंगे।