संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। मेंहदावल थाने की पुलिस ने बाइक चोर गिरोह के चार गुर्गों पर गैंगस्टर के तहत कार्रवाई की है। इनमें तीन आरोपी महराजगंज व एक सिद्धार्थनगर का रहने वाला है। यह बाइक चोरी करके दूसरे जनपदों में ले जाकर बेचते थे। जिले में इनके खिलाफ कई मामले दर्ज हैं।
एसओ मेंहदावल सुरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि वह पुलिस टीम के साथ 18 दिसंबर 2025 को क्षेत्र भ्रमण पर थे। इसी दौरान जानकारी हुई कि शातिर दीपक यादव निवासी पचगंगपुर टोला हीरमपुर थाना बृजमनगंज, महराजगंज का एक गैंग है, जिसके देवेंद्र प्रजापति निवासी वार्ड नंबर-11 उडवलिया थाना उसका बाजार सिद्धार्थनगर, बृजेश गुप्ता निवासी ग्राम रतनापार व सज्जन कुमार विश्वकर्मा उर्फ भोला निवासी बरगाहपुर बैसार थाना बृजमनगंज महराजगंज सक्रिय सदस्य है। सभी शातिर अपने आर्थिक लाभ के लिए बाइक चोरी करने व बेचने का काम करते हैं।
अभिलेखों की जांच में इनके खिलाफ थाने पर कई मामले दर्ज पाए गए। इनके इस कृत्य की वजह से समाज में काफी भय व डर की स्थिति बनी है।
कोई भी व्यक्ति गवाही देने और प्राथमिकी दर्ज कराने से डरता है। इसके बाद गैंग चार्ट तैयार करके जिला मजिस्ट्रेट के यहां भेजा गया था। 11 फरवरी को डीएम कोर्ट से अनुमोदन प्राप्त हो गया। जिसे 16 फरवरी को प्राप्त किया गया।
इसके बाद इन आरोपियों के खिलाफ उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रिया कलाप अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।