- सेमरियावां ब्लाक में हैं 113 ग्राम पंचायतें, पोर्टल पर अपलोड होने के बाद ही मिलेगा बजट
सेमरियावां। पंचायत डेवलपमेंट प्लान यानी पीडीपी पोर्टल पर गांवों की कार्ययोजना फीडिंग होनी है। कार्ययोजना पोर्टल पर अपलोड होने के बाद ही बजट मिलेगा। इसकी सुस्ती का असर गांव के विकास पर दिखना स्वाभाविक है।
सेमरियावां ब्लाॅक में 113 ग्राम पंचायतों के सापेक्ष 100 ग्राम पंचायतों में वित्तीय वर्ष 2026-27 की कार्ययोजना फीडिंग का कार्य पूरा हो चुका है। 13 ग्राम सभाएं ऐसी हैं जिनका ई-स्वराज पोर्टल पर फीडिंग का कार्य लंबित है। मामले की गंभीरता से लेते एडीओ पंचायत ने संबंधित सचिव को 15 अगस्त तक हर हाल में फीडिंग कराने का निर्देश दिया है।
26 मई को पंचायतों में कार्यकाल पूरा होने के बाद प्रधान छह महीने के लिए प्रशासक बनाए गए हैं। शासन स्तर से वित्तीय वर्ष 2026-27 में होने वाले विकास और निर्माण कार्यों को लेकर कार्ययोजना तैयार करने के सभी ग्राम पंचायतों को निर्देश दिए हैं।
प्रत्येक ग्राम पंचायत ग्राम सभा की बैठक में ग्रामीणों की आवश्यकताओं और सुझावों के आधार पर कार्ययोजना तैयार कर रही है। इनमें सड़क निर्माण, नाली, खड़ंजा, इंटरलॉकिंग, पेयजल व्यवस्था, सामुदायिक भवन, सार्वजनिक स्थलों का विकास, स्वच्छता और अन्य जनहित के कार्यों को शामिल किया है।
वित्तीय वर्ष 2022-27 की कार्ययोजना की फीडिंग ई-स्वराज पोर्टल पर कराने के लिए एडीओ पंचायत वित्तीय वर्ष लगने के बाद से निरंतर निर्देश जारी कर रहे हैं। ई-स्वराज पोर्टल पर कार्ययोजना की फीडिंग किए बगैर ईयर बुक क्लोज नहीं की जा सकेगी। इसके अलावा ग्रामसभाओं को ऑनलाइन ऑडिट भी पूरा करना होगा। इसके बाद ही केंद्र सरकार जिले की ग्रामसभाओं को विकास कार्य कराने के लिए 16वें वित्त की धनराशि जारी करेगी।
यह है नियमावली
31 जनवरी तक पीडीपी अपलोड होना था। इसकी अवधि शासन की ओर से बढ़ा दी गई है। अब 16वें वित्त आयोग के धन खर्च के आधार पर 20 प्रतिशत अधिक व्यय की योजना बनानी है। वित्त आयोग के दिशा निर्देश के मद्देनजर यह कार्य 15 अगस्त तक पूरा किया जाना है।
जिन ग्राम पंचायतों के फीडिंग का कार्य लंबित है। वहां के संबंधित सचिव को 15 अगस्त से पूर्व फीडिंग कराने का निर्देश दिया गया है। निर्धारित अवधि में फीडिंग नहीं कराने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। - राधेश्याम चौधरी, एडीओ पंचायत, सेमरियावां