कार्यकर्ता के खिलाफ कार्रवाई से भड़के भाजपाई, पांच घंटे थाने में डटे रहे
- पुलिस पर एक पक्षीय कार्रवाई का मढ़ा आरोप
- पीड़ित कार्यकर्ता की तरफ से भी मुकदमा दर्ज किए जाने की मांग की
- एसओ के आश्वासन पर थाना परिसर छोड़े भाजपाई
संवाद न्यूज एजेंसी
धनघटा। भाजपा कार्यकर्ता के खिलाफ दर्ज किए गए दलित उत्पीड़न के मुकदमें से असंतुष्ट भाजपाइयों ने सोमवार को धनघटा थाने पर जमकर हंगामा किया। भाजपा कार्यकर्ताओं का कहना था कि पुलिस ने एक पक्षीय कार्रवाई की है। भाजपा कार्यकर्ता की तरफ से केस दर्ज किए जाने की मांग को लेकर पांच घंटे तक थाने में कार्यकर्ता डटे रहे। बाद में एसओ के आश्वासन के बाद कार्यकर्ताओं ने थाना परिसर छोड़ दिया।
भाजपा के लोहरैया मंडल अध्यक्ष दिलीप राय, पूर्व मंडल अध्यक्ष रणविजय सिंह, राजन राय, दुर्गा राय, नितेश राय और वकील राय आदि कार्यकर्ता धनघटा थाने पर पहुंचे। भाजपा कार्यकर्ताओं का कहना था कि बड़गो गांव निवासी मिंटू राय उर्फ सुरेंद्र राय गांव के चौराहे पर हार्डवेयर की दुकान संचालित करते हैं। 11 अप्रैल को जब मिंटू राय दुकान पर नहीं थे, उसी समय गांव निवासी एक युवक दुकान में घुस गया और 20 लीटर डीजल चुरा लिया। चोरी करते हुए आरोपी युवक को रंगे हाथ पकड़ लिया गया। जिसके विरुद्ध कार्रवाई के लिए उसी दिन थाने पर तहरीर दी गई, लेकिन पुलिस ने इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं की। जबकि आरोपी पक्ष की तहरीर पर मिंटू राय के विरुद्ध दलित उत्पीड़न और मारपीट का मुकदमा दर्ज किया गया। भाजपाइयों ने मिंटू की तहरीर पर भी केस दर्ज किए जाने की मांग की। जिस पर थानाध्यक्ष ने जांच किए जाने की बात कही तो भाजपाई भड़क गए। दोपहर 12 बजे से शाम पांच बजे तक भाजपा कार्यकर्ता थाने पर हंगामा करते हुए पांच घंटे तक जमे रहे। बाद में एसओ के आश्वासन के बाद कार्यकर्ता वहां से हटे। इस संबंध में एसओ विनय पाठक ने बताया कि उच्चाधिकारियों के आदेश पर इस मामले में कार्रवाई की जा रही है। उच्चाधिकारियों का जो निर्देश होगा, उसी के अनुसार पुलिस निष्पक्ष कार्रवाई करेगी।