संतकबीरनगर। जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे भाई-बहन ने एक स्कूल संचालक पर टीसी के बदले रुपये मांगने और मारपीट करने का आरोप लगाया है। साथ ही बिना मान्यता के स्कूल का संचालन का भी आरोप लगाया है। कोड़री गांव की निवासी आरजू और उसका भाई उत्कर्ष सोमवार को जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे। आरजू हाईस्कूल पास कर चुकी हैं।
उसने आरोप लगाया कि जब वह टीसी लेने स्कूल पहुंची तो संचालक ने रुपये की मांग की और नहीं देने पर उसके भाई की जिंदगी बर्बाद करने की धमकी दी। आरोप है कि स्कूल की मान्यता मात्र कक्षा आठ तक ही है लेकिन इंटरमीडिएट तक पढ़ाई करवाई जाती है। बच्चों का फार्म दूसरे स्कूल से भरवाया जाता है और वहीं से टीसी भी दी जाती है। आरोप है कि छात्रों पर दबाव बनाया जाता है कि वह उसी स्कूल में इंटरमीडिएट तक पढ़ें। संवाद