- डायरेक्टर ने कार्रवाई के लिए एसपी को सौंपा शिकायत पत्र
- एसपी के निर्देश पर जांच में जुटे सीओ सिटी
संतकबीरनगर। औद्योगिक क्षेत्र स्थित फर्म के अकाउंट हेड पर 30 लाख रुपये का घपले करने का आरोप लगातेे हुए डायरेक्टर ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई के लिए एसपी को पत्र सौंपा। एसपी के निर्देश पर सीओ सिटी अजीत चौहान मामले की जांच में जुट गए हैं।
औद्योगिक क्षेत्र स्थित डिकोरियम इंडिया प्राइवेट लिमिटेड एवं नेशनल प्लाइवुड सेंटर के डायरेक्टर शेखू खान ने एसपी को दिए शिकायत पत्र में बताया कि उनके फर्म में आरोपी अकाउंट हेड के रुप में तैनात था, जो एक वर्ष से काम कर रहा था। व्यवसायिक लेनदेन से संबंधित सभी कार्य ऑनलाइन किया जाता था। जिसमें जीएसटी फाइल एवं पीएफ जमा करने का भी कार्य अकाउंट हेड के जिम्मे ही था।
विभिन्न तिथियों में बस्ती जनपद निवासी अकाउंट हेड ने लगभग 30 लाख रुपये की हेराफेरी की। जानकारी होने पर जब वह पूछताछ किए तो वह अपशब्दों का प्रयोग करते हुए जानमाल की धमकी देने लगा। हिसाब करने पर रकम बढ़ने की भी संभावना है। उसके द्वारा कूटरचना और धोखाधड़ी करके लाखों रुपये का नुकसान पहुंचाते हुए विश्वासघात किया गया। साथ की कंप्यूटर सिस्टम की आईडी व पासवर्ड बिना बताए ही वह फरार हो गया। घटना की जानकारी के बाद एसपी ने मामले की जांच सीओ सिटी को सौंपी है। सीओ ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ जांच शुरू कर दी है।