अभाविप 15000 विद्यार्थियों को बनाएगी सदस्य
विद्यार्थी परिषद चलाएगी आमी स्वच्छता अभियान
जनपद के 55 कालेज परिसरों में करेगी इकाई गठन
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की जिला समीक्षा योजना बैठक बुधवार को चार सत्रों में जिले के एक शैक्षिक संस्थान के सभागार में हुई। बैठक में सत्र 2020-21 की समीक्षा व आगामी सत्र 2021-22 की योजना बनाई गई। बैठक का उद्घाटन प्रांत उपाध्यक्ष डॉ. राकेश प्रताप सिंह, जिला प्रमुख डॉ. विजय मिश्रा, जिला संगठन मंत्री अंकुर पाल व नगर अध्यक्ष अभिषेक सिंह ने दीप प्रज्ज्वलन कर किया।
बैठक में वर्ष भर चलने वाली योजनाओं पर चर्चा की गई। जिसमें मुख्य रूप से स्वतंत्रता के 75 वर्ष पूर्ण होने पर होने वाले कार्यक्रमों व विद्यार्थी परिषद के 75 वर्ष पूर्ण होने पर विभिन्न कार्यक्रमों की योजना बनाई गई। बैठक में कार्यकर्ताओं ने 15,000 सदस्य बनाने का लक्ष्य लिया और 55 कॉलेज इकाई गठित करने का लक्ष्य निर्धारित किया। परिषद आगामी वर्ष में आमी नदी को प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए आमी स्वच्छता अभियान चलाएगी। विगत वर्ष की भांति इस वर्ष भी विद्यार्थी परिषद भव्य दीपोत्सव एवं महाआरती का आयोजन करेगी। बैठक में प्रवासी कार्यकर्ता के रूप में प्रांत उपाध्यक्ष डॉ. राकेश प्रताप सिंह ने कहा कि विद्यार्थी परिषद वर्ष भर गतिशील रहने वाला संग़ठन है तथा अपने कार्यों को करने के पूर्व वह सर्वप्रथम उसकी योजना रचना करता है। जिला संगठन मंत्री अंकुर पाल ने कहा कि विद्यार्थी परिषद समाज के प्रति अपने समर्पण भाव के लिए जाना जाता है तथा वर्ष भर छात्रहित, समाजहित व देशहित में कार्य करने वाला संगठन है। इस अवसर पर प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य माधवेंद्र तिवारी, शौर्य प्रताप राय, अभय शंकर, आकाश गौरव, रितेष, अनुराग, अनुप्रिया, प्रतिभा, शिवानी, सौरभ, विश्व जीत, राजीव राय आदि उपस्थित रहे।