खलीलाबाद बीआरसी पर आधार कार्ड बनाते हुए।
संतकबीरनगर। विद्यार्थियों के आधार और विद्यालय के रजिस्टर में मिल रहे अंतर के चलते अपार आईडी नहीं बन पा रही है। इधर शिक्षक अपार आईडी न बन पाने को लेकर परेशान हैं। दो दिन पूर्व बीएसए ने अपार बनाने में लापरवाही बरतने पर 450 शिक्षकाें का वेतन रोक दिया है। कार्रवाई की डर से शिक्षक बच्चों के अभिभावकों से संपर्क कर आधार सही कराने की गुजारिश कर रहे हैं।
शासन से कक्षा एक से 12 तक निजी शिक्षण संस्थान, राजकीय शिक्षण संस्थान, वित्तविहीन शिक्षण संस्थानों में पढ़ने वाले सभी विद्यार्थियों की अपार आईडी अनिवार्य की गई है।
इसमें 12 अंक का एक नंबर दिया जा रहा है। इस नंबर से छात्र की पूरी जानकारी एक क्लिक पर उपलब्ध हो जाएगी। इस योजना का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों के शैक्षिक दस्तावेजों में पारदर्शिता लाना और दस्तावेजों के सुरक्षित डिजिटलीकरण को सुनिश्चित करना है, लेकिन जिले में इस महत्वपूर्ण आईडी को तैयार कराने में विद्यालय गंभीरता नहीं दिखा रहे। जिले में 3,22,000 विद्यार्थियों की अपार आईडी बनाई जानी है। इसमें से अभी तक 1,20,00 विद्यार्थियों की ही अपार आईडी जनरेट हो सकी है। शिक्षकों की मानें तो आधार और स्कूल के रजिस्टर में विद्यार्थियों के नाम और जन्म तिथि में अंतर के चलते यह दिक्कत आ रही है। अभिभावकों को आधार में नाम सही कराने के लिए कहा जा रहा है। लेकिन अभिभावक इसमें रूचि नहीं दिखा रहे हैं। संवाद