दौड़ का अभ्यास कर रही युवती का अपहरण
पिकअप सवार तीन लोग युवती को जबरिया गाड़ी में बैठा कर आंबेडकरनगर की ओर भागे
पुलिस के पीछा करने पर युवती को छोड़कर भाग गए
संवाद न्यूज एजेंसी
धनघटा/संतकबीरनगर। पुलिस भर्ती के लिए दौड़ का अभ्यास कर रही एक युवती का रविवार की सुबह पिकअप सवार अपहरण कर लिए। साथ में दौड़ लगा रही सहेली के शोर मचाने पर लोगों ने बाइक से पीछा किया। सूचना पर पुलिस भी उनके पीछे लग गई। पकड़े जाने के डर से आंबेडकरनगर जिले के चहोड़ा के पास युवती को पिकअप से उतार कर अपहरणकर्ता भाग गए।
एक गांव निवासी युवती सिपाही भर्ती की तैयारी कर रही है। रविववार की भोर में करीब चार बजे वह अपनी सहेली के साथ मार्ग दौड़ लगा रही थी। उसी समय पिकअप गुजरी। आरोप है कि पिकअप सवार चालक समेत तीन लोग युवती को जबरिया खींचकर गाड़ी में बैठा लिए। जब तक उसकी सहेली कुछ समझ पाती तब तक पिकअप चालक तेजी के साथ वाहन लेकर भाग निकले। इधर, सहेली ने शोर मचाया तो कई गांवों के लोग थोड़ी देर में वहां एकत्रित हो गए। कुछ लोग बाइक से पिकअप का पीछा किए। सूचना मिलते ही पुलिस भी पिकअप के पीछे लग गई। आंबेडकरनगर जिले के टांडा मार्ग पर पिकअप सवार खुद को घिरते देखकर युवती को गाड़ी से उतार कर वाहन लेकर भाग हो गए। एसओ आरके गौतम ने बताया कि इस मामले में पीड़िता के भाई की तहरीर पर अज्ञात पिकअप चालक समेत तीन के खिलाफ अपहरण करने, बंधक बनाने समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज किया गया। सीओ अंबरीष भदौरिया ने बताया कि आरोपियों के बारे में पुलिस पता लगा रही है। जल्द ही उनकी गिरफ्तारी कर ली जाएगी।