बखिरा। क्षेत्र के हरदी स्थित सड़क पर पैदल जा रहे युवक को एक बाइक सवार ने चपेट में ले लिया। युवक को गंभीर चोट आई। इलाज के लिए जिला चिकित्सालय ले गए, जहां पर डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। इधर मौत की सूचना के बाद ग्रामीण आक्रोशित हो गए और खलीलाबाद बखिरा मार्ग को जाम कर दिया।
शुक्रवार को देर रात करीब साढ़े दस बजे हरदी निवासी हामिद (32) पुत्र तजम्मुल किसी काम से सड़क पर गया था। रात करीब दस बजे एक बाइक सवार ने हामिद को बाइक ने अपनी चपेट में ले लिया। गंभीर रूप से घायल को परिजन इलाज के लिए खलीलाबाद ले गए। जहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। हामिद की मौत होने से आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया। मौके पर बखिरा पुलिस भी पहुंच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो बाइक सवार को पकड़ने व हामिद की मौत से आक्रोशित भीड़ ने पुलिस पर ईंट-पत्थर फेंकना शुरू कर दिया। इस पर पुलिस ने लाठी भांजते हुए भीड़ को वहा से हटवाकर रास्ता खाली कराया। इस दौरान मौके पर सीओ मेंहदावल ने भी आकर मौके का जायजा लिया। पुलिस की तरफ से पत्थर चलने वह लाठी भांजने की पुष्टि नहीं हो सकी।
कोट
हादसे में एक युवक की मौत हो गई। जिससे नाराज कुछ लोगों ने सड़क जाम किया था। पुलिस ने उन्हें समझा बूझकर रास्ता खाली करवाया। पुलिस पर पत्थर फेंकने एवं पुलिस द्वारा लाठी भांजने की सूचना अफवाह है।
-संदीप कुमार मीना, एसपी