बेलहर में निजी अस्पताल में मौत के बाद हंगामा करते परिजन
लोहरौली। बेलहरकला थाना क्षेत्र के एएस अस्पताल में प्रसूता की मौत हो गई। अस्पताल लापरवाही का आरोप लगाकर परिजनों ने हंगामा शुरू कर दिया। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंचकर विधिक कार्रवाई में जुट गई। सीएमओ के निर्देश पर अस्पताल को सील कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, बेलहरकला थाना क्षेत्र के पुरैना गांव की सुनैना (30) पत्नी प्रदीप को प्रसव पीड़ा के बाद परिजन बेलहर स्थित निजी अस्पताल में लेकर आए और उसे भर्ती कराया। ऑपरेशन के दौरान प्रसूता की मौत हो गई। परिजनों ने हास्पिटल पर लापरवाही का आरोप लगाकर हंगामा शुरू कर दिया। घटना की जानकारी के बाद एसओ बेलहरकला अनिल कुमार के अगुवाई में पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर अस्पताल में चल रहे हंगामा को शांत कराकर शव को अपने कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी करके पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल स्थित मोर्चरी भेज दिया।
प्रभारी निरीक्षक बेलहरकला अनिल कुमार ने बताया कि थाना पर मृतका के पिता हरीराम निवासी जिनवां थाना वाल्टरगंज जनपद बस्ती ने मौत की सूचना दी है। उन्होंने बताया कि रात्रि में महिला के पेट में दर्द होने पर हास्पिटल में ऑपरेशन के दौरान लड़की पैदा हुई थी। उसके कुछ देर बाद प्रसूता की मौत हो गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर मौत का कारण स्पष्ट हो जाएगा।