संतकबीरनगर। कोतवाली खलीलाबाद थाना क्षेत्र के बूंधा के पास शनिवार को शाम करीब 5 बजे अज्ञात वाहन की टक्कर से बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया गया। वहां पर इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर भाग गया।
जानकारी के अनुसार कांटे चौकी क्षेत्र के बूंधा कला गांव निवासी वृद्ध रामकाज यादव (65) पुत्र शिवमंगल यादव शनिवार शाम को राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित बूधा कला चौराहे के पास हादसे का शिकार हो गए। जानकारी के अनुसार रामकाज शाम को अपने खेत में गेहूं की खड़ी फसल देखकर घर लौट रहे थे, तभी उन्हें अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। दुर्घटना के बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल रामकाज को एंबुलेंस की मदद से उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई में जुट गई है। कोतवाल पंकज कुमार पांडेय ने बताया कि घटना की जानकारी के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। यदि तहरीर मिलती है तो जांच करके आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।