संतकबीरनगर। कोतवाली खलीलाबाद के मंझरिया पशु बाजार के पास बदमाशों ने बाइक सवार आर्टिफिशियल ज्वेलरी विक्रेता को मारपीट कर 20 हजार रुपये लूट लिए और मौके से भाग गए। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।
कोतवाली खलीलाबाद क्षेत्र के खलीलाबाद नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड नं 5 बेलवनिया निवासी साधू शरन पुत्र रामप्यारे ने पुलिस को दी तहरीर में लिखा है कि वह गोरखपुर के सहजनवां थाना रोड पर पोस्ट ऑफिस के पास 20 साल से शुभम आर्टिफिशियल के नाम से ज्वेलरी की दुकान चलाता है। 9 दिसबंर की रात में दुकान बंद करके घर आ रहा था। बाइक से हाईवे पर मंझरिया पशु बाजार से 200 मीटर आगे पहुंचा तभी दो बाइक पर सवार चार अज्ञात व्यक्ति पहुंचे। उन्होंने लाठी-डंडों से हमला कर उनको घायल कर दिया। साथ ही 20 हजार रुपये भी लूट लिए। उन्होंने डायल 112 को सूचना दी। हमलावर मुंह पर कपड़ा बांधे थे, इसलिए वह उन्हें पहचान नहीं पाया। कोतवाली खलीलाबाद के प्रभारी निरीक्षक पंकज कुमार पांडेय ने बताया कि इस मामले में चार अज्ञात लुटेरों पर मारपीट कर घायल करने तथा लूट की रिपोर्ट दर्ज की गई है। मामले की छानबीन की जा रही है। शीघ्र ही लुटेरे पुलिस की गिरफ्त में होंगे।