शादी का झांसा देकर पीआरडी में कार्यरत युवती से किया दुष्कर्म
पीड़िता ने आरोपी युवक पर दुष्कर्म और एससीएसटी एक्ट का दर्ज कराया केस
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। पीआरडी में कार्यरत युवती को शादी का झांसा देकर बस्ती का युवक एक साल से शारीरिक संबंध बनाता रहा। 53,700 रुपये भी ले लिए। शादी की बात करने पर टालमटोल कर रहा है। ऐसा आरोप लगाते हुए पीड़िता ने सोमवार को आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म और एससीएसटी एक्ट का केस दर्ज कराया।
कोतवाली क्षेत्र की रहने वाली युवती पीआरडी में कार्यरत है। आरोप है कि बस्ती के नगर क्षेत्र के रहने वाले युवक से एक साल से उसका संबंध है। आरोप लगाया है कि युवक शादी का झांसा देकर उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया। जब वह शादी की बात करती है तो टालमटोल करता है। रुपये भी वापस नहीं कर रहा है।
आरोप है कि उसके अलावा कई अन्य युवतियों से भी वह बातचीत करता है। पीड़िता ने सोमवार को कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। कोतवाल विजय नारायन प्रसाद ने बताया कि आरोपी युवक के खिलाफ दुष्कर्म, अमानत में खयानत और एससीएसटी एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए भेजा जाएगा। जल्द ही आरोपी की गिरफ्तारी कर ली जाएगी।