- जिलाध्यक्ष ने कहा-मेरे ई-मेल आईडी का हुआ है दुरुपयोग, मैंने नहीं की किसी की शिकायत, दी तहरीर
- पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर शुरू की जांच
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। जिले में निषाद पार्टी के जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र निषाद की आईडी का दुरुपयोग करके एसपी के पेशकार की शिकायत की गई है। हालांकि जिलाध्यक्ष ने इससे अनभिज्ञता जताई है। उन्होंने इस मामले में एसपी को तहरीर देकर जांच की मांग की है। पुलिस मामले में अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज करके कार्रवाई में जुटी हुई है।
एसपी कार्यालय में तैनात पेशकार के खिलाफ आईजीआरएस पर शिकायत से हड़कंप मच गया था। हालांकि जिनके नाम पर ये शिकायत की गई है, उन्होंने इससे इन्कार किया है। एसपी को दिए गए शिकायती पत्र में कोतवाली खलीलाबाद थाना क्षेत्र के चकदही गांव निवासी धर्मेंद्र निषाद ने बताया कि वह वर्तमान में निषाद पार्टी के जिलाध्यक्ष हैं। उनकी राजनीतिक छवि को खराब करने के लिए किसी व्यक्ति ने उनके नाम, पता व मोबाइल नंबर का दुरुपयोग करके एसपी कार्यालय में तैनात पेशकार रामअशीष यादव के खिलाफ भ्रष्टाचार एवं शोषण की झूठी शिकायत प्रधानमंत्री को संबोधित करते हुए आईजीआरएस पर 14 नवंबर को दिया है। उक्त प्रार्थना पत्र से उनका कोई लेना-देना नहीं है। प्रार्थना पत्र में उपयोग किया गया ई-मेल आईडी भी उनका नहीं है। शिकायत के बाद मामले में एसपी ने कोतवाली पुलिस से जांचकर आख्या तलब किया। इसके बाद कोतवाली पुलिस मामले में एसपी के आदेश पर अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। कोतवाल पंकज कुमार पांडेय ने बताया कि निषाद पार्टी के जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र निषाद की शिकायत पर मामले में अज्ञात आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच कराई जा रही है। इस मामले में जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ कार्रवाई होगी।
मैंने किसी के खिलाफ कोई शिकायत नहीं की है। मेरी ईमेल आईडी और मोबाइल नंबर का दुरुपयोग किया गया है। इसके संबंध में मैंने एसपी को पत्र दिया है। यह कार्य जिसने भी किया हो, उसके खिलाफ आवश्यक कार्रवाई कार्रवाई होनी चाहिए।
धर्मेंद्र निषाद, जिलाध्यक्ष, निषाद पार्टी