संतकबीरनगर। नवागत एसपी रोहन पी कनाय ने कहा कि अपराधों की रोकथाम के लिए प्रभावी कदम उठाया जाएगा। खास कर महिला अपराधों के मामलों को गंभीरता से लिया जाएगा और आरोपियों के खिलाफ त्वरित प्रभावी कार्रवाई होगी। अपराधों को रोकने में जनता का भी सहयोग लिया जाएगा।
शनिवार को पत्रकारों से बातचीत में नवागत एसपी ने कहा कि पूर्व के एसपी ने जिले में जो अच्छे कार्य की शुरुआत की है, उसे और बेहतर बनाने का प्रयास करेंगे। मूलत: कर्नाटक के निवासी है और बैचलर ऑफ इंजीनियरिंग कर रखा है। वर्ष 2009 बैच के आईपीएस है। उनकी पहली तैनाती इलाहाबाद में एएसपी के पद पर हुई थी। मथुरा में एसपीआरए के पद पर कार्य रहे। सेकेंड बटालियन पीएसी सीतापुर में कमांडेंट के पद पर कार्यरत थे। वहीं से शासन ने संतकबीरनगर में एसपी पद पर तैनाती दी है। जिले का उनका पहला चार्ज है। पुलिस कर्मियों के संबंध में बताया कि अनुशासन, यूनिफार्म का पूरा ध्यान देना होगा। विवेचनाएं समय से पूरी और पारदर्शी हो, इस पर उनका पूरा जोर रहेगा। जिले की भौगोलिक स्थिति को समझने के बाद यहां के क्राइम नेचर को पता करेंगे और उसी के अनुसार क्राइम कंट्रोल की रणनीति तय करेंगे। पूर्व में घटित जो घटनाएं नहीं खुली होगी, उसका खुलासा कराएंगे। उन्होंने कहा कि अपराधी या तो जिला छोड़ कर भाग जाएंगे या फिर जिले में अपराध करने की हिम्मत नहीं जुटा पाएंगे। पुलिस वेलफेयर की दिशा में गुणात्मक सुधार लाने का प्रयास करेंगे। बाद में एसपी ने थानाध्यक्षों से परिचय प्राप्त कर अपनी प्राथमिकताओं से अवगत कराया। इस दौरान एएसपी डॉ. मनोज कुमार, सीओ आर के शर्मा, सीओ अरविंद वर्मा, सीओ एमए सिद्दीकी आदि रहे।#