संतकबीरनगर। कमिश्नर सुशील कुमार ने बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान की समीक्षा की। कमिश्नर ने कहा कि लोकतंत्र की जान वोट डालने का अधिकार है। वोट डालने का अधिकार तभी मिलेगा ,जब तैयार मतदाता सूची में आप का नाम होगा।
उन्हाेंने कहा कि पहली अक्टूबर से निर्वाचक नामावलियों का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण का कार्य चल रहा है। जनप्रतिनिधियों के सहयोग की अपेक्षा करते हुए कहा कि यह कार्य सरकारी तंत्र सिर्फ सुचारु रूप से संपादित नहीं हो सकता। छूटे नामों का फॉर्म नंबर छह के माध्यम से अवश्य सम्मिलित कराए। मतदाता सूची में महिलाओं का प्रतिशत कम होने के कारण कमिश्नर ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से इस बात की अपेक्षा की किसी भी पात्र महिला का नाम सूची में सम्मिलित होने से छूटने न पाए। वोटरलिस्ट में महिलाओं के नाम कम दर्ज हैं। बूथों पर तैनात सभी बीएलओ इस बात का ध्यान रखेंगे कि मतदाता सूची, मतदाता का नाम, मतदाता का लिंग और वोटर व बूथ नंबर किसी भी दशा में गलत नहीं होना चाहिए। सभी बीएलओ को निर्देश दिया कि वे घर-घर जाकर छूटे हुए वोटरों का नाम सूची में शामिल करें। एसडीएम को इसकी सतत निगरानी की जिम्मेदारी दी। बीएलओ जब भी किसी घर जाएंगे तो उस घर के मुखिया को अपने नाम व मोबाइल नंबर की पर्ची देेंगे जिससे जांच में यह सत्यापित हो सके कि बीएलओ यहां आए थे अथवा नहीं।
कमिश्नर ने जनप्रतिनिधियों से सुझाव प्राप्त करते हुए बूथों पर फार्म उपलब्ध कराने और समस्याओं के निदान का आश्वासन दिया। मतदाता सूची को निष्पक्ष बनाए जाने की हिदायत दी। डीएम डॉ. इंद्रवीर सिंह यादव ने मतदाता पुनरीक्षण कार्य की प्रगति की जानकारी दी। जनप्रतिनिधियों से बीएलए नियुक्त किए जाने की मांग की गई थी, लेकिन अभी तक यह कार्य नहीं हुआ। ऐसे में सभी जनप्रतिनिधि अपनी-अपनी पार्टी के बीएलए नियुक्त करें।
इस अवसर पर एसपी पीयूष श्रीवास्तव, एसडीएम सदर विनय श्रीवास्तव, एसडीएम धनघटा एसएन मिश्र, एसडीएम मेंहदावल विजय शंकर चौधरी, बसपा के जिलाध्यक्ष झिनकान प्रसाद, भाजपा जिलाध्यक्ष रामललित चौधरी, सपा जिलाध्यक्ष गौहर अली खां, पीस पार्टी के जिलाध्यक्ष इमामुद्दीन अंसारी आदि उपस्थित रहे।