संतकबीरनगर। लोकसभा चुनाव 2014 की आहट से राजनीतिक गलियाराें में हलचलें तेज हो गई हैं। प्रशासनिक गतिविधियां भी इसे हवा देने लगी हैं। निर्वाचन आयोग ने शत प्रतिशत वोटर बनाए जाने का निर्देश दिया है। पहली अगस्त से नए वोटर बनाए जाने का कार्य शुरू हो जाएगा।
लोकसभा चुनाव में टिकट की दावेदारी को लेकर राजनीतिक दलों में होड़ सी मची है। सपा से टिकट के लिए दावेदारों की लंबी फेहरिस्त है। सपा ने पर्यवेक्षक भेजकर जिले में दावेदारों की पकड़ को भी टटोला है। कांग्रेस और बीजेपी में भी टिकट के संभावित दावेदार हाथपांव मारना शुरू कर दिए हैं। लोकसभा चुनाव के मद्देनजर आयोग ने शत प्रतिशत वोटर बनाए जाने का फरमान जारी किया है। त्रुटिरहित निर्वाचन नामावली का कार्य पहली अगस्त से शुरू हो जाएगा। विधानसभाओं में वोटरों के त्रुटिपूर्ण नामों को ठीक करने के साथ नए वोटरों को फोटोयुक्त मतदाता पहचान पत्र मुहैया कराए जाने की रणनीति तैयार कर ली गई है। धनघटा, मेंहदावल और खलीलाबाद तहसीलों में स्थापित वोटर रजिस्ट्रेशन सेंटर (वीआरसी) क्रियाशील किए जाएंगे। सभी बीएलओ को फार्म 6, 7 और 8 उपलब्ध करा दिया गया है। आनलाइन आवेदन करने की भी व्यवस्था है। एक जनवरी 2012 को 18 साल की उम्र सीमा पूरा करने वाले नए वोटर बनाए जाएंगे।
अब वोटरों को नहीं लगानी पडे़गी दौड़
अब वोटरों को जनपद मुख्यालय की दौड़ नहीं लगानी पडे़गी। तहसीलों पर ही फोटो युक्त मतदाता पहचान पत्र जारी करने की सुविधा उपलब्ध करा दी गई है। तहसील में स्थापित वीआरसी से मतदाता फार्म 6, 7 और 8 प्राप्त कर पूर्ण विवरण भर कर जमा करें। जिन वोटरों का नाम सूची में है और फोटो युक्त मतदाता पहचान पत्र नहीं मिला है, वह फोटो उपलब्ध करा कर फोटो युक्त मतदाता पहचान पत्र प्राप्त कर सकते हैं।
साफ्टवेयर पकड़ेगा डुप्लीकेट वोटर
डुप्लीकेट नाम वाले वोटर अब आसानी से ढूंढे जा सकेंगे। एक विधानसभा में अलग-अलग स्थानों से वोटर बनने वाले डुप्लीकेट वोटरों को साफ्टवेयर ढूंढ निकालेगा। लोग जहां खाना खाते हैं और निवास करते हैं, वहीं के वोटर हाेंगे। एडीएम भोला नाथ मिश्र का कहना है कि डुप्लीकेट वोटरों को ढूंढकर उनका नाम निरस्त कराया जाएगा। इसके लिए एसडीएम को निर्देशित किया गया है। उनकी अपील है कि डुप्लीकेट वोटर स्वत: प्रशासन को सूचना देकर निरस्त कराएं। यदि मामला पकड़ मेें आया तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई भी हो सकती है।
डिग्री कालेजों में लगाया जाएगा कैंप : डीएम
डीएम राजेश कुमार का कहना है कि आयोग का निर्देश है कि शत प्रतिशत वोटर बनाए जाएं। इसके लिए तहसीलों में स्थापित वोटर रजिस्ट्रेशन सेंटर क्रियाशील कर दिए गए हैं। एक अगस्त से 31 अगस्त तक विशेष अभियान चला कर वोटर बनाए जाएंगे। जनपद में स्थापित डिग्री कालेजों में ड्राप बाक्स रखवाया जाएगा। कालेज के शिक्षकों से भी सहयोग लिया जाएगा। शिक्षक कोआर्डिनेटर के रुप में नियुक्त किए जाएंगे। 18 साल की उम्र सीमा पार करने वाले छात्र, छात्राओं को वोटर बनाया जाएगा।