संतकबीरनगर। परिषदीय विद्यालयों में बुधवार को दूसरे दिन भी अर्द्धवार्षिक परीक्षाएं हुईं। कक्षा एक के बच्चों का मौखिक आकलन किया गया, जबकि कक्षा दो और तीन के विद्यार्थियों ने हिंदी और अंग्रेजी तथा कक्षा चार से आठ तक के बच्चों ने सामाजिक विषय और अंग्रेजी की परीक्षा दी। कई विद्यालयों में विद्यार्थियों को जमीन पर बैठकर परीक्षा देनी पड़ी।
जिले में कुल 1246 परिषदीय विद्यालय संचालित हैं। इनमें करीब 1.03 लाख छात्र-छात्राएं पंजीकृत हैं। इनमें 805 प्राथमिक, 190 उच्च प्राथमिक और 250 कंपोजिट विद्यालय शामिल हैं। शासन की ओर से जारी परीक्षा कार्यक्रम के अनुसार सुबह की पाली में कक्षा दो की अंग्रेजी, कक्षा तीन की हिंदी और कक्षा चार से आठ तक की सामाजिक विषय की परीक्षा कराई गई। दूसरी पाली में कक्षा दो की हिंदी और कक्षा तीन से आठ तक की अंग्रेजी की परीक्षा हुई। कक्षा एक के बच्चों का मौखिक आकलन किया गया।
परीक्षाओं को नकलविहीन और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए खंड शिक्षा अधिकारियों (बीईओ), एसआरजी, एआरपी और शिक्षक संकुल ने विभिन्न ब्लॉकों के विद्यालयों का निरीक्षण किया। इस दौरान शिक्षकों की निगरानी में विद्यार्थी परीक्षा देते नजर आए।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अमित कुमार सिंह ने बताया कि परीक्षा के दूसरे दिन भी करीब 95 प्रतिशत परीक्षार्थी शामिल हुए। सभी विद्यालयों में परीक्षाएं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुईं। प्रधानाध्यापकों को नकलविहीन परीक्षा कराने और आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।