बच्चों ने चित्रों के जरिए किया आतंकवाद पर प्रहार
- खलीलाबाद पब्लिक स्कूल में अमर उजाला फाउंडेशन के अभियान अपराजिता के तहत हुई चित्रकला प्रतियोगिता
अमर उजाला ब्यूरो
संतकबीरनगर। पुलवामा में आतंकी हमले के बाद से देश में आतंकवाद के खिलाफ जबरदस्त आक्रोश है। अमर उजाला के अभियान अपराजिता के तहत शनिवार को आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता में भी यह देखने को मिला। प्रतियोगिता में बच्चों ने रंगों से न केवल आतंकवाद के विकृत चेहरे को उकेरा, बल्कि आतंकियों और उनके सरपरस्तों पर भी करारा प्रहार किया।
प्रतियोगिता सुबह 11 बजे खलीलाबाद पब्लिक स्कूल में शुरू हुई। इसमें 133 बच्चों ने प्रतिभाग किया। चित्रों के माध्यम से बच्चों ने आतंकवाद पर हमला बोला। साथ ही वीर जवान अमर रहें और हिंदुस्तान जिंदाबाद का नारा भी बुलंद किया। चित्रकला प्रतियोगिता के बाद स्कूल प्रबंधक डॉ. विवेक खन्ना ने छात्रों को संबोधित किया। कहा कि आतंकवाद अब वैश्विक समस्या बन चुका है। भारत आतंकवाद के खिलाफ जंग लड़ रहा है। देश की तरक्की रोकने के लिए पड़ोसी मुल्क लगातार नापाक हरकत कर रहा है। उन्होंने बेटियों की शिक्षा पर जोर दिया। कहा कि समाज में जब तक महिलाओं को पुरुषों के बराबर नहीं समझा जाएगा, देश का संपूर्ण विकास नहीं होगा। कार्यक्रम के अंत में सभी 133 बच्चों ने नारी गरिमा की रक्षा की शपथ ली। इस दौरान आराधना पांडेय, सौम्या राय, श्रद्घा पाल, प्रशंसा शर्मा, शिवांगी सिंह, अनन्या विश्वकर्मा, यश जायसवाल, खुशी पांडेय, मांडवी सिंह, रिशू, विवेक कुमार उपाध्याय, ऋषभ चौरसिया, साहिल गुप्ता, राजकुमार सिंह, शिवा मौर्या, अवनीश गुप्ता, अंशुमान वर्मा, शुभम, रिया मिश्रा, सृष्टि आदी की मौजूदगी रही।
-----
आ रहा है बदलाव
प्रधानाचार्य पूनम पांडेय ने कहा कि समाज में बदलाव आ रहा है। इसकी रफ्तार बढ़ाने में सामाजिक संगठनों की भूमिका अहम है।
----
बेटियां स्वावलंबी बनेंगी
शिक्षक सुप्रिया जायसवाल ने कहा कि युवा पीढ़ी जागरूक होगी तभी समाज की सोच बदलेगी। अपराजिता से बेटियां स्वावलंबी बनेंगी।
----
चित्रों में दिखा आतंकवाद
शिक्षक उमा वर्मा ने कहा कि पुलवामा हमले का असर बच्चों के चित्रों में देखने को मिला। इस नापाक हरकत से बाल मन भी द्रवित हैं।