संतकबीरनगर। नहाय-खाय के साथ मंगलवार को चार दिवसीय छठ का महापर्व शुरू हो गया। भगवान सूर्य की उपासना के प्रथम चरण में व्रती महिलाओं ने जहां छठ के लिए जरूरी सामानों की खरीदारी की। वहीं पोखरों की साफ सफाई अंतिम दौर में पहुंच गई है। घाटों को सजाने का काम भी शुरू हो गया है।
व्रत धारण करने वाली व्रती महिलाओं ने नहाय-खास के दिन नाखून काटकर व बाल धुलकर स्नान करने के बाद अरवा चावल, चने की दाल, लौकी का सात्विक भोजन तैयार किया। नहाय खाय के उपरांत व्रती महिलाओं ने छठ पर्व से संबंधित सामान की खरीदारी की। इसके मद्देनजर बाजारों में उत्साह देखने को मिला। छठ पूजा को लेकर समय माता मंदिर, गोलाबाजार, स्टेशन पुरवा, शुगर मिल के पास आदि पोखरों की सफाई की गई। जहां पर जल की कमी थी, वहां भरवाया गया। गोलाबाजार में जन सेवा संस्थान के संरक्षक सर्वदानंद पांडेय की अध्यक्षता में बैठक हुई, जिसमें तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। इस दौरान पोखरे में जहां पानी भरवाया गया, वहीं सजावट की गई। इस दौरान महेश गुप्ता, शिव कुमार, ओंमकार नाथ, राजू गुप्ता, संजय कुमार, दीपचंद्र, गोलू वर्मा सहित तमाम लोग उपस्थित रहे। दूसरे दिन पंचमी को खरना किया जाएगा। पंचमी के दिन खरना का व्रत रखने वाली व्रती महिलाएं शाम के समय गुड़ से बनी खीर, रोटी और फल का सेवक प्रसाद के रूप में करेंगी। व्रती 36 घंटे का निर्जला व्रत करेंगी।