गोरखपुर। भारत भीम जनार्दन सिंह की स्मृति में आयोजित सीनियर स्टेट कुश्ती प्रतियोगिता के आखिरी दिन गोरखपुर के पहलवानों ने दबदबा बनाए रखा। रविवार को विभिन्न भार वर्गों में गोरखपुर रीजलन स्पोर्ट्स स्टेडियम के छात्रावास के एक और पूर्वोत्तर रेलवे के तीन पहलवानों ने पदक हासिल किए। वहीं गोंडा के पहलवानों ने भी चार पदक हासिल किए।
रीजनल स्पोर्ट्स स्टेडियम में हुई प्रतियोगिता के आखिरी दिन ग्रीको रोमन स्टाइल के 62 किलोभार वर्ग में एनईआर के अमरनाथ ने सहारनपुर के धर्मवीर को चित कर स्वर्ण पदक हासिल किया। फ्री स्टाइल के 74 किलो के भार वर्ग में एनईआर के भगत सिंह यादव को रजत, 86 किलो में आशुतोष तिवारी को रजत पदक मिला। 55 किलो के भारवर्ग के ग्रीको रोमन में गोरखपुर रीजनल स्पोर्ट्स स्टेडियम के छात्रावास के रोहन यादव ने कांस्य पदक हासिल किया। ग्रीको रोमन स्टाइल के 130 किलो भारवर्ग में राजन तोमर ने स्वर्ण, नंदिनीनगर के रोहित ने कांस्य, 74 किलो भारवर्ग में अर्जुन यादव ने कांस्य और 65 किलो भारवर्ग में संजय ने रजत पदक हासिल किया।
प्रतियोगिता के आखिर में मुख्य अतिथि तथा नवाबगंज के विधायक प्रतीक भूषण और फरेंदा विधायक बजरंग बहादुर सिंह ने विजेताओं और उपविजेताओं को मेडल, सर्टिफिकेट और ट्रैक सूट देकर सम्मानित किया। इस दौरान एमएलसी देवेंद्र प्रताप सिंह, यूपी ओलंपिक संघ के सचिव आनंदेश्वर पांडेय, खेल निदेशक आरपी सिंह, बीजेपी के प्रदेश उपाध्यक्ष उपेंद्र दत्त शुक्ला, भारतीय कुश्ती टीम के कोच चंद्रविजय सिंह, यूपी कुश्ती संघ के उपाध्यक्ष दिनेश सिंह, आयोजक आदित्य प्रताप सिंह, धीरज सिंह हरीश, सावन सिंह, श्रवण सिंह, सतीश सिंह, रामप्रकाश सिंह, पहलवान पन्नेलाल यादव, जर्नादन सिंह यादव, सचिव मायाशंकर शुक्ला, क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी एके पांडेय आदि मौजूद रहे।
प्रतियोगिता के आखिरी दिन पहलवानों और खेल प्रेमियों ने दो मिनट का मौन रखकर कृष्णानगर व्यायामशाला के संचालक और उत्तर प्रदेश कुश्ती संघ के उपाध्यक्ष रहे ब्रजभूषण सिंह को श्रद्धांजलि दी। ब्रजभूषण सिंह का कुछ महीने पूर्व निधन हो गया था।