धनघटा थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत गागरगाड़ आग से जले घर ।
- फोटो : अमर उजाला
पौली/रोसया। धनघटा थाना क्षेत्र के गागरगाड़ गांव के घुरहा बस्ती में सोमवार की देर रात विद्युत शार्ट सर्किट से आग लग गई। जिससे छह घर जल गए। इससे घरों रखा सामान और एक लाख नगदी व जेवरात जल गए। ऐसे अब पीड़ित परिवार खुले में रहने को मजबूर हैं।गागरगाड़ के घुरहा बस्ती में रामललित के घर के लोग प्रति दिन की तरह खाना खाने के बाद सोने चले गए। घर का एक व्यक्ति करीब 12 बजे शौच के लिए उठा तो देखा कि झोपड़ी से धुआं उठ रहा है। शोर मचाने पर लोग आग बुझाने दौड़े। ग्रामीणों ने आग बुझाने का जब तक प्रयास करना शुरू किया तब तक आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। आग ने रामललित राममिलन, मुन्ना, रामबचन, उत्तम, पूर्णमासी समेत छह लोगों के घर जल गए। एसडीएम प्रमोद कुमार ने बताया कि आग से हुई क्षति का आकलन कराया जाएगा। पीड़ितों को हरसंभव मदद दी जाएगी।
पूर्णमासी की बेटी का 17 को है तिलक
रोसया बाजार। घुरहा बस्ती में लगी आग से पूर्णमासी के घर का भी सारा सामान जल गया है। गमजदा पूर्णमासी ने बताया कि उसकी बेटी मनीषा की शादी 19 जून को है। इसके लिए तिलक 17 मई को जाना था। जिसकी पूरी तैयारी हो गई थी। जेवरात व नकदी आदि घर में रखा था। आग में सब जल गया। शादी 19 जून को थी। सारा सामान जल कर राख हो गया है। पूर्णमासी का रो-रो कर बुरा हाल था। अब यही चिंता सता रही है कि बेटी की शादी कैसे होगी।