दो निर्दल उम्मीदवारों ने प्रचार में नहीं किया कोई खर्च
फोटो सहित
सभी सात उम्मीदवारों ने चुनाव खर्च का ब्यौरा प्रस्तुत किया
निर्दलीय लोटन प्रसाद और आनंद कुमार गौतम ने केवल पर्चा खरीदने में किया है खर्च
अमर उजाला ब्यूरो
संतकबीरनगर। संसदीय सीट संतकबीरनगर के लिए सभी सात उम्मीदवारों ने चुनाव प्रचार का जो खर्च दाखिल किया है वह काफी चौंकाने वाला है। बहुजन मुक्ति पार्टी (निर्दलीय) के उम्मीदवार आनंद कुमार गौतम ने अब तक केवल 12500 रुपये खर्च किए हैं, जबकि निर्दल लोटन प्रसाद ने केवल 25 हजार रुपये ही खर्च किए हैं। दोनों का यह खर्च केवल नामांकन पत्र खरीदने का शुल्क है।
लोकसभा चुनाव में संतकबीरनगर सीट से कुल सात प्रत्याशी भाग्य आजमा रहे हैं। इनमें कौन बाजी मारेगा यह तो मतदान और मतगणना के पश्चात पता चलेगा, लेकिन चुनाव प्रचार के पहले निरीक्षण में भाजपा प्रत्याशी प्रवीण निषाद ने खर्च के मामले में सभी को पीछे छोड़ दिया है। नोडल प्रभारी व्यय एवं वरिष्ठ कोषाधिकारी जेएन झा ने बताया कि व्यय प्रेक्षक जेके बरोट की उपस्थिति में पहले निरीक्षण की तिथि 30 अप्रैल तय की गई थी। इस तिथि पर पांच प्रत्याशियों ने व्यय रजिस्टर प्रस्तुत किया। इसमें भाजपा के प्रवीण कुमार निषाद, महागठबंधन के भीष्मशंकर उर्फ कुशल तिवारी, कांग्रेस प्रत्याशी भालचंद्र यादव, निर्दल प्रत्याशी राजेंद्र यादव व लोटन प्रसाद शामिल रहे। उन्होंने बताया कि दो प्रत्याशी ने निर्धारित तिथि पर व्यय रजिस्टर प्रस्तुत नहीं किया था, इसके कारण उन्हें नोटिस दी गई थी। उन्हें चेतावनी दी गई थी कि 24 घंटे के अंदर खर्च का ब्यौरा प्रस्तुत नहीं किया तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि नोटिस के बाद एक मई को मौलिक अधिकार पार्टी के प्रत्याशी अखिलेश कुमार ने कलेक्ट्रेट हाल में व्यय प्रेक्षक जेके बरोट के पास उपस्थित होकर अपना व्यय रजिस्टर प्रस्तुत किया। बहुजन मुक्ति पार्टी के प्रत्याशी आनंद कुमार गौतम ने बृहस्पतिवार को अपना व्यय रजिस्टर प्रस्तुत किया। इसके साथ ही सभी प्रत्याशियों ने व्यय रजिस्टर प्रस्तुत कर दिया है। उन्होंने बताया कि चार मई को दूसरा व्यय परीक्षण तथा नौ मई को तीसरी बार प्रत्याशियों को व्यय रजिस्टर प्रेक्षक के समक्ष प्रस्तुत करना होगा।
किसने कितना व्यय किया
नाम----पार्टी----व्यय
प्रवीण कुमार निषाद भाजपा - 1166423 रुपये
भालचंद्र यादव कांग्रेस- 631712 रुपये
भीष्मशंकर उर्फ कुशल तिवारी महागठबंधन (बसपा)- 79299 रुपये
राजेंद्र यादव निर्दल - 45382
लोटन यादव निर्दल 14450
अखिलेश कुमार- निर्दलीय-25000
आनंद कुमार गौतम- निर्दलीय- 12500