सीएम और प्रदेश अध्यक्ष से वार्ता के बाद विधायक ने खत्म किया धरना
रातभर कलेक्ट्रेट में समर्थकों के साथ धरने पर बैठे रहे विधायक राकेश सिंह
कई बार डीएम ने समझाया पर धरना खत्म करने को राजी नहीं थे विधायक
अमर उजाला ब्यूरो
संतकबीरनगर। सांसद शरद त्रिपाठी पर कार्रवाई की मांग लेकर मेंहदावल के विधायक राकेश सिंह बघेल रातभर कलेक्ट्रेट में धरने पर बैठे रहे। सुबह सदर विधायक जय चौबे भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र पांडेय का संदेश वाहक बनकर पहुंचे। इसी बीच मुख्यमंत्री कार्यालय से भी फोन आया। इसके बाद विधायक धरना खत्म कर लखनऊ रवाना हो गए।
जिला योजना समिति की बैठक में बुधवार की शाम सांसद शरद त्रिपाठी और विधायक राकेश सिंह बघेल के बीच कहासुनी के बाद मारपीट हो गई थी। सांसद ने विधायक को जूतों से पीटा तो विधायक ने भी उन्हें तमाचा जड़ दिया। बाद में सांसद को कलेक्ट्रेट से सुरक्षित निकालने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। इस घटना के तुरंत बाद विधायक कलेक्ट्रेट परिसर में ही धरने पर बैठ गए। रात 11 बजे तक डीएम उन्हें समझाते रहे, लेकिन बात नहीं बनी। रात एक बजे फिर डीएम कलेक्ट्रेट पहुंचे और वरिष्ठ अफसरों से वार्ता का हवाला देकर धरना समाप्त करने को कहा, लेकिन उन्होंने इंकार कर दिया। इधर गुरुवरार की सुबह करीब नौ बजे खलीलाबाद के विधायक दिग्विजय नारायण उर्फ जय चौबे कलेक्ट्रेट पहुंचे और विधायक को प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र पांडेय का संदेश सुनाते हुए लखनऊ जाने की सलाह दी। इसके कुछ ही देर बाद मुख्यमंत्री कार्यालय से भी फोन आ गया। इसके बाद विधायक धरना समाप्त कर चले गए। दोपहर में वह लखनऊ रवाना हो गए।
डीएम रवीश गुप्ता ने बताया कि धरना खत्म होने के बाद विधायक को उनके गांव मेड़रापार पहुंचा दिया गया। प्रशासन ने शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरा प्रयास किया। कलेक्ट्रेट में तोड़फोड़ से संबंधित मामले में केस दर्ज हो चुका है। पुलिस नियमानुसार कार्रवाई करेगी।