सेमरियावां (संतकबीरनगर)। स्थानीय ब्लॉक परिसर में पार्क निर्माण का सपना एक वर्ष बाद भी साकार नहीं हो सका है। डीएम के निर्देश पर पिछले वर्ष सितंबर माह में पार्क निर्माण के लिए नौ लाख 80 हजार रुपये की इस कार्य योजना पर कार्य शुरु हुआ था। अब तक यहां पांच लाख 78 हजार रुपये खर्च भी किए जा चुके हैं, लेकिन मिट्टी भराई का कार्य भी ढंग से नहीं हो पाया है।
पिछले वर्ष सितंबर माह में तत्कालीन डीएम मारकंडेय शाही सेमरियांवा ब्लॉक कार्यालय का निरीक्षण करने आए थे। ब्लॉक परिसर में भ्रमण के दौरान उन्होंने मौजूद अधिकारियों को निर्देश दिया था कि कार्यालय के दक्षिण स्थित खाली स्थान को पार्क के रुप में विकसित किया जाए। आदेश के अनुपालन में क्षेत्र पंचायत के जरिए राज्य वित्त से पार्क निर्माण केलिए कार्य योजना तैयार की गई। डीएम से अनुमोदन मिलने के बाद उस पर कार्य भी शुरू हो गया। कार्य योजना में ब्लॉक कार्यालय के दक्षिण के खाली स्थान पर मिट्टी भराई, चहारदीवारी, पार्क में बैठने के लिए बेंच लगाने तथा सजावट वाले फूलों के पौधे लगाकर पार्क को आकर्षक बनाया जाना था। ग्रामीण क्षेत्र में पार्क निर्माण का कार्य शुरू होने से लोग बहुत खुश भी थे। मगर एक वर्ष बीत जाने व निर्माण कार्य पर पांच लाख 78 हजार रुपये खर्च होने के बाद भी पार्क की दशा नहीं बदली।