स्वास्थ्य केंद्र पर गंदगी देख जेडी ने जताई नाराजगी
जेडी ने किया कांशीराम आवास स्थित स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण
सीएमओ कार्यालय में संचारी रोग नियंत्रण अभियान की समीक्षा की
संतकबीरनगर। संयुक्त निदेशक चिकित्सा डॉ. आरके तिवारी ने मंगलवार को शहर के कांशीराम स्थित स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान गंदगी देखकर उन्होंने नाराजगी जताई और साफ-सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए। जरूरी दवाओं की अनुपलब्धता सुनिश्चित करने की हिदायत दी। इसके साथ ही उन्होंने मगहर में बने रहे स्वास्थ्य केंद्र को भी देेेखा।
निरीक्षण के बाद जेडी स्वास्थ्य सीएमओ कार्यालय पहुंचे और प्रभारी सीएमओ डॉ. जीएम शुक्ला व अन्य अधिकारियों के साथ संचारी रोग नियंत्रण अभियान की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि दस्तक अभियान चल रहा है, इसमें किसी प्रकार की लापरवाही क्षम्य नहीं होगी। कहा कि आशा कार्यकर्ताओं सहित इस अभियान से जुड़े सभी विभागों के लोग अपनी प्लानिंग के अनुसार कार्य करें। स्कूलों में बच्चों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करें। उन्होंने फाइलेरिया अभियान की चर्चा करते हुए कहा कि फाइलेरिया मुक्ति के लिए अभियान चल रहा है। 10 से 14 फरवरी तक टीमें घर-घर जाकर दवाओं को खिलाने का कार्य करें। इस दौरान दिनकर पार्थ, डीपीएम विनीत श्रीवास्तव, बृजेश कुमार आदि मौजूद रहे।